कंटेनर-मुर्गी लदे पिकअप की टक्कर में तीन गंभीर घायल, दुकानें क्षतिग्रस्त…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कलवारी चौराहे पर आधी रात भीषण सड़क हादसा: कंटेनर-पिकअप की टक्कर में तीन गंभीर घायल, दुकानें क्षतिग्रस्त

बस्ती, 31 मई 2026.

जनपद के कलवारी थाना क्षेत्र स्थित राम-जानकी मार्ग पर शनिवार देर रात करीब 12:30 बजे एक भीषण सड़क दुर्घटना में मुर्गी लदी पिकअप और बेकरी सामान से भरे कंटेनर की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कंटेनर सड़क पर पलट गया, जबकि पिकअप वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में दोनों वाहनों के चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

जानकारी के अनुसार सिकरीगंज (गोरखपुर) से बेकरी का सामान लेकर दिल्ली जा रहा कंटेनर जैसे ही कलवारी चौराहे पर पहुंचा, तभी छावनी की ओर से आ रही मुर्गी लदी पिकअप से उसकी टक्कर हो गई। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों वाहनों को भारी नुकसान पहुंचा।

हादसे में पिकअप चालक 30 वर्षीय दिलशाद अंसारी, पिकअप में सवार 28 वर्षीय मोहम्मद उमर निवासी आजमगढ़ तथा कंटेनर चालक लवकुश निवासी बदायूं गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही कलवारी पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बहादुरपुर भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए मेडिकल कॉलेज बस्ती से संबद्ध ओपेक चिकित्सालय कैली रेफर कर दिया।

दुर्घटना का असर आसपास की दुकानों पर भी पड़ा। टक्कर के बाद अनियंत्रित वाहन चौराहे के किनारे स्थित मंगल गुप्ता और मनोहर लाल गुप्ता की दुकानों से जा टकराए, जिससे दोनों दुकानों को नुकसान पहुंचा। वहीं पिकअप में लदी अधिकांश मुर्गियां भी दुर्घटना में मर गईं, जिससे वाहन मालिक को भारी आर्थिक क्षति हुई।

पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात बहाल कराया। प्रभारी निरीक्षक कलवारी संतोष कुमार ने बताया कि घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया है तथा दोनों वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। राहत की बात यह रही कि हादसा देर रात हुआ, जिससे चौराहे पर भीड़ नहीं थी और कोई बड़ी जनहानि नहीं हुई।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *