Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पानी मांगने के बहाने बुजुर्ग महिला की चेन झपटने वाले दो शातिर बदमाश गिरफ्तार, गांजा, नकदी और चोरी की बाइक बरामद
संतकबीरनगर, 31 मई 2026.
संतकबीरनगर पुलिस ने झपटमारी और छिनैती की घटनाओं का खुलासा करते हुए दो शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी नशे के आदी हैं और आर्थिक तंगी के चलते ग्रामीण क्षेत्रों में घूम-घूमकर चेन स्नैचिंग, छिनैती और चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस ने उनके कब्जे से अवैध गांजा, नकदी, मोबाइल फोन, चोरी में प्रयुक्त मोटरसाइकिल समेत कई सामान बरामद किए हैं। मामले के खुलासे के बाद पुलिस अधीक्षक ने कार्रवाई करने वाली टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार सिंह के मार्गदर्शन तथा क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्व दवन सिंह के पर्यवेक्षण में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत एसओजी और थाना मेंहदावल पुलिस की संयुक्त टीम ने यह सफलता हासिल की। पुलिस ने दोनों आरोपियों को मेंहदावल-नौलखा मार्ग स्थित मुहिया पुल के पास से गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीणा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि मामले की शुरुआत 23 मई 2026 को हुई थी, जब थाना मेंहदावल क्षेत्र के ग्राम अछिया निवासी इरशाद अहमद ने पुलिस को तहरीर देकर बताया कि उनकी मां घर के बाहर बैठी थीं। इसी दौरान मोटरसाइकिल सवार दो युवक वहां पहुंचे और पानी मांगने के बहाने उनके करीब आए। बातचीत के दौरान एक आरोपी ने अचानक महिला के गले में पहनी सोने की चेन झपट ली और दोनों बाइक से फरार हो गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी।
जांच के दौरान पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज, सर्विलांस और मुखबिरों की मदद से आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान मोहम्मद कामिल उर्फ अली पुत्र नौशाद अली निवासी सीधारीपुर थाना गोरखनाथ जनपद गोरखपुर तथा मोहम्मद अहमद उर्फ अली उर्फ नाटे पुत्र स्वर्गीय अब्दुल समद निवासी सुन्नीपुर, गीता प्रेस के निकट, थाना कोतवाली गोरखपुर के रूप में हुई है।
📍पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उन्होंने बताया कि नशे की लत पूरी करने और खर्च चलाने के लिए वे विभिन्न जनपदों में घूमकर झपटमारी और चोरी की घटनाएं करते थे। आरोपियों ने स्वीकार किया कि गोरखपुर शहर में बड़ी संख्या में सीसीटीवी कैमरे लगे होने के कारण उन्होंने शहर के बजाय ग्रामीण इलाकों को निशाना बनाना शुरू किया। वे वारदात के समय कैप पहनते थे, चेहरा ढककर रखते थे और विरोध होने की स्थिति में भागने के लिए अपने साथ लाल मिर्च पाउडर भी रखते थे।
📍पूछताछ में दोनों ने अछिया गांव में महिला से सोने की चेन छीनने की घटना को स्वीकार किया। आरोपियों ने बताया कि वारदात के बाद उन्होंने चेन को एक अज्ञात व्यक्ति को 25 हजार रुपये में बेच दिया था। पुलिस द्वारा बरामद 10 हजार रुपये उसी रकम का हिस्सा हैं, जबकि बाकी पैसे खाने-पीने और अन्य खर्चों में खर्च कर दिए गए।
📍पूछताछ के दौरान मोहम्मद अहमद उर्फ नाटे ने वर्ष 2020 की एक हत्या की घटना का भी जिक्र किया। उसने बताया कि चोरी के पैसे के बंटवारे को लेकर उसके एक साथी से विवाद हो गया था। विवाद के दौरान उसने नशे की हालत में पत्थर और ब्लेड से हमला कर उसकी हत्या कर दी थी। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार उसके खिलाफ हत्या और गैंगस्टर एक्ट सहित कई गंभीर मुकदमे पहले से दर्ज हैं।
📍आरोपियों ने यह भी बताया कि 21 मई 2026 को उन्होंने एक मोटरसाइकिल चोरी की थी, लेकिन उसकी टंकी का ढक्कन खुला होने के कारण पेट्रोल उछलकर उन पर गिर रहा था। परेशानी बढ़ने पर उन्होंने वह बाइक लाल डिग्गी क्षेत्र में छोड़ दी और उसी रात गोरखपुर के जगनाथपुर वनकटी चक दुर्गा मंदिर के पास से दूसरी मोटरसाइकिल चोरी कर ली थी। पुलिस ने इसी मोटरसाइकिल को बरामद किया है।
📍गिरफ्तारी के दौरान पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 2 किलो 100 ग्राम अवैध गांजा, चार मोबाइल फोन, लाल मिर्च पाउडर, एक पर्स, चाभियों का गुच्छा, छह सिम कार्ड, एक मोटरसाइकिल तथा 10 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं। बरामद गांजे के आधार पर थाना मेंहदावल में एनडीपीएस एक्ट के तहत एक अलग मुकदमा भी दर्ज किया गया है।
📍पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोहम्मद कामिल उर्फ अली के खिलाफ गोरखपुर में पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। वहीं मोहम्मद अहमद उर्फ नाटे हत्या, गैंगस्टर एक्ट और अन्य गंभीर अपराधों के मामलों में भी आरोपी रह चुका है।
इस कार्रवाई में एसओजी प्रभारी रजनीश राय, निरीक्षक राकेश कुमार सिंह, उपनिरीक्षक आशुतोष मणि त्रिपाठी, उपनिरीक्षक मैनेजर यादव सहित एसओजी, सर्विलांस, एंटी थेफ्ट सेल और थाना मेंहदावल की संयुक्त टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने उत्कृष्ट कार्य के लिए पूरी टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।
NGV PRAKASH NEWS