भाभी के साथ मदन के अवैध संबंधो के चलते देवर ने की हत्या: लालगंज थाना क्षेत्र में मिले नग्न शव का मामला…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

लालगंज में नग्न अवस्था में मिले क्षेत्र पंचायत सदस्य की हत्या का खुलासा, एक आरोपी हत्या में और महिला साक्ष्य मिटाने के आरोप में गिरफ्तार

बस्ती, 06 जून 2026.

बस्ती जिले के थाना लालगंज क्षेत्र में नग्न अवस्था में मिले क्षेत्र पंचायत सदस्य के शव के मामले का पुलिस ने सफल अनावरण करते हुए हत्या के मुख्य आरोपी समेत दो लोगों को गिरफ्तार किया है। थाना लालगंज पुलिस और एसओजी टीम की संयुक्त कार्रवाई में गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, कपड़े तथा आरोपियों के दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।

क्षेत्राधिकारी रुधौली कुलदीप यादव ने प्रेस वार्ता के दौरान बताया कि थाना लालगंज पर दर्ज मुकदमा संख्या 144/2026 धारा 103(1) बीएनएस की विवेचना के दौरान सीसीटीवी फुटेज और इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के आधार पर मामले का खुलासा किया गया। पुलिस ने वंश बहादुर यादव पुत्र स्व. लालमन यादव 26 वर्ष निवासी भैसहिया, थाना कोतवाली, जनपद बस्ती को गौराघाट कुआनों नदी पुल के पास से गिरफ्तार किया। वहीं पूनम यादव पत्नी जंग बहादुर यादव निवासी ग्राम भैसहिया, थाना कोतवाली, जनपद बस्ती उम्र लगभग 36 वर्ष को उसके घर से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया कि मृतक मदन जायसवाल पुत्र राम अवतार जायसवाल, जो क्षेत्र पंचायत सदस्य था, का पूनम यादव से संपर्क था। इसी बात को लेकर पूनम का देवर वंश बहादुर यादव नाराज रहता था और उसने कई बार इस संबंध में आपत्ति भी जताई थी उसके बाद भी आरोपी के भाभी और मृतक के बीच मिलना जुलना जारी रहा, जिसके कारण नाराज होकर आरोपी द्वारा मदन जायसवाल की हत्या कर दी गई। पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन वंश बहादुर यादव ने मृतक का पीछा किया और लालगंज थाना क्षेत्र में उसे रोककर मारपीट की। मारपीट के दौरान किए गए हमले से मदन जायसवाल की मौत हो गई।

विवेचना के दौरान यह भी सामने आया कि घटना के बाद पूनम यादव द्वारा मामले से जुड़े साक्ष्यों को छिपाने और मोबाइल फोन को तोड़ दिए जाने के कारण पुलिस द्वारा पूनम यादव को साक्ष्य मिटाने और जांच को प्रभावित करने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस ने दोनों आरोपियों की निशानदेही पर मृतक का मोबाइल फोन, कपड़े तथा आरोपियों के दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर मुकदमे में धारा 309(4), 317(2) और 238 बीएनएस की बढ़ोतरी करते हुए अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है।

मामले के सफल खुलासे में प्रभारी निरीक्षक लालगंज विनय कुमार पाठक, प्रभारी एसओजी विकास यादव, उपनिरीक्षक मोहन लाल चौधरी, देवव्रत शर्मा, मुख्य आरक्षी इरशाद खान, मुख्य आरक्षी अभय, आरक्षी शिवम, विजय यादव, चंदन विजय, अरविन्द दुबे, अरविन्द चौहान, दीपक कुमार, महिला आरक्षी स्नेहा तिवारी एवं सौम्या पाण्डेय सहित थाना लालगंज और एसओजी की संयुक्त टीम शामिल रही।

मामले के सफल अनावरण पर पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने गिरफ्तार करने वाली टीम को 10 हजार रुपये के नकद पुरस्कार से सम्मानित करने की घोषणा की है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *