चीनी मिल परिसर में मिला अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव-पहचान में जुटी पुलिस…….

Gyan Prakash Dubey

NGV PRAKASH NEWS

मुंडेरवा चीनी मिल परिसर में अज्ञात युवक का क्षत-विक्षत शव मिलने से सनसनी, पहचान में जुटी पुलिस

बस्ती, 07 जून 2026.

मुंडेरवा स्थित उत्तर प्रदेश राज्य चीनी एवं गन्ना विकास निगम लिमिटेड की चीनी मिल परिसर में रविवार को एक अज्ञात युवक का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की उम्र लगभग 25 वर्ष बताई जा रही है। शव की स्थिति देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवक किसी भारी वाहन की चपेट में आ गया, जिससे उसकी कमर, रीढ़ और सीने की हड्डियां बुरी तरह टूट गईं और शरीर के कई हिस्से गंभीर रूप से क्षतिग्रस्त हो गए।

जानकारी के अनुसार चीनी मिल के मुख्य गेट पर तैनात गार्ड श्रीराम यादव ने परिसर में शव पड़े होने की सूचना चीनी मिल के प्रधान प्रबंधक महेंद्र कुमार श्रीवास्तव को दी। सूचना मिलते ही प्रधान प्रबंधक ने मामले की जानकारी मुंडेरवा पुलिस को दी। इसके बाद थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह और वरिष्ठ उपनिरीक्षक अमरनाथ यादव पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।

पुलिस को शव के पास एक झोला मिला, जिसमें मंजन, टूथब्रश, गुटखा, बीड़ी तथा कुछ अन्य सामान रखा था। झोले में मिले एक कागज पर संदीप और प्रदीप नाम के साथ दो मोबाइल नंबर भी लिखे हुए थे। पुलिस और चीनी मिल प्रशासन ने इनमें से एक नंबर पर संपर्क किया। फोन रिसीव करने वाले व्यक्ति ने अपना संबंध टोल प्लाजा के पास स्थित एक ढाबे से बताया, लेकिन मृतक की पहचान करने से इनकार कर दिया।

प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि मृतक किसी ट्रक का खलासी हो सकता है। बताया जा रहा है कि शनिवार रात चीनी मिल से चीनी लादकर तीन ट्रक रवाना हुए थे। आशंका व्यक्त की जा रही है कि इन्हीं में से किसी वाहन की चपेट में आने से युवक की मौत हुई होगी। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है और किसी निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।

मृतक का रंग गेहूंआ बताया गया है। उसके बाल लंबे थे तथा साइड से जीरो कटिंग करवाई हुई थी। उसने काले-नीले रंग की छींटदार फुल बॉडी टी-शर्ट और लोअर पहन रखा था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरवाया है और शिनाख्त के लिए सुरक्षित रखवाया है।

थानाध्यक्ष प्रदीप कुमार सिंह ने बताया कि मृतक की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। साथ ही यह पता लगाने के लिए कि हादसा किस वाहन से हुआ, चीनी मिल परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पहचान होने और जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *