पुलिस को गलत सूचना देना पड़ा महंगा-भेजे गए जेल…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

डायल 112 पर अपहरण और बंधक बनाए जाने की झूठी सूचना देने वाला युवक गिरफ्तार

बस्ती, 09 जून 2026.

बस्ती जिले के सोनहा थाना क्षेत्र में डायल 112 पर अपहरण और बंधक बनाए जाने की झूठी सूचना देकर पुलिस को गुमराह करने वाले एक युवक को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया है।

पुलिस के अनुसार 09 जून 2026 की रात करीब 12:52 बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली कि ग्राम बनरही जंगल निवासी पवन चौहान सुबह से घर से निकला हुआ है और देर रात उसने अपने भाई राम बाबू को फोन कर बताया कि दो लोग उसे जंगल में पकड़कर मारपीट कर रहे हैं तथा बंधक बनाकर रखा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष सोनहा महेश सिंह के नेतृत्व में तत्काल पुलिस टीम गठित कर युवक की तलाश शुरू की गई। साथ ही सर्विलांस सेल की मदद से उसके मोबाइल फोन की लोकेशन भी ट्रेस कराई गई।

जांच और तलाश के दौरान पवन चौहान को थाना गौर क्षेत्र के माझा मानपुर गांव निवासी जितेंद्र के घर से सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में पता चला कि वह वहीं पर डीजे बजाने का काम करता है। जब उससे झूठी सूचना देने के संबंध में पूछताछ की गई तो वह पुलिस से उलझने लगा।

पुलिस ने बताया कि कानून-व्यवस्था प्रभावित करने और पुलिस को गलत सूचना देकर भ्रमित करने के मामले में पवन चौहान पुत्र शिवपूजन चौहान निवासी बनरही जंगल थाना सोनहा को धारा 170, 126 एवं 135 बीएनएसएस के तहत गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया गया।

इस कार्रवाई में थानाध्यक्ष महेश सिंह, उपनिरीक्षक रविंद्र शुक्ला, कांस्टेबल देवेंद्र यादव तथा कांस्टेबल शेषनाथ यादव शामिल रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *