NGV PRAKASH NEWS

दो मासूम बच्चों के सिर से उठा पिता का साया, युवक की संदिग्ध मौत से गांव में मातम
कप्तानगंज (बस्ती), 10 जून 2026.
थाना क्षेत्र के कटईया गांव में एक 29 वर्षीय युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है। मृतक अपने पीछे पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है, जिनके सिर से पिता का साया उठ जाने से परिजनों के साथ-साथ ग्रामीण भी गमगीन हैं।
प्राप्त जानकारी के अनुसार कटईया गांव निवासी विशाल पुत्र रामकिशुन मंगलवार को घर पर अकेले थे। उनके पिता मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए थे, जबकि मां पशु चराने गई थीं। पत्नी प्रीति अपनी पुत्री श्रेया और पुत्र आयुष के साथ गांव में किसी कार्य से बाहर गई हुई थीं।
बताया जाता है कि शाम करीब चार बजे जब प्रीति घर लौटीं तो कमरे का दरवाजा अंदर से बंद मिला। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। आशंका होने पर उन्होंने शोर मचाया, जिस पर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों ने दरवाजा तोड़कर कमरे में प्रवेश किया तो विशाल अचेत अवस्था में मिले।
ग्रामीणों ने तत्काल उन्हें नीचे उतारा, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
थानाध्यक्ष आलोक श्रीवास्तव ने बताया कि युवक का शव कमरे में मिला है। मामले की जांच सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा और उसी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद मृतक की पत्नी, माता-पिता और अन्य परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में शोक और संवेदना का माहौल बना हुआ है तथा लोग परिवार को ढांढस बंधाने में जुटे हैं।
NGV PRAKASH NEWS