Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

30 लाख रुपये की स्मैक के साथ तीन युवक गिरफ्तार, कोतवाली व स्वाट टीम की संयुक्त कार्रवाई
बस्ती, 12 जून 2026.
जनपद बस्ती में नशे के कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन युवकों को भारी मात्रा में अवैध स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 30 लाख रुपये आंकी गई है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन में अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत तथा क्षेत्राधिकारी सदर सत्येंद्र भूषण तिवारी के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई की गई। संयुक्त पुलिस टीम ने शुक्रवार तड़के करीब 1:15 बजे अमहट पुल से आगे फुटहिया मोड़ के पास छापेमारी कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमन गुप्ता (21 वर्ष) पुत्र राम सुभावन गुप्ता निवासी बसिया थाना कोतवाली, विशाल अग्रहरी उर्फ छोटू (22 वर्ष) पुत्र विजय प्रकाश निवासी बरगदवा थाना कोतवाली तथा अखिलेश चौधरी (19 वर्ष) पुत्र हृदय राम चौधरी निवासी बसिया थाना कोतवाली के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक आरोपियों के कब्जे से 126.98 ग्राम अवैध नशीला भूरे रंग का पाउडर तथा 103 पुड़ियों में पैक 16.89 ग्राम स्मैक बरामद की गई। इसके अलावा तलाशी के दौरान 370 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन भी बरामद किए गए। बरामद मादक पदार्थ की कुल अनुमानित अंतरराष्ट्रीय कीमत लगभग 30 लाख रुपये बताई गई है।
गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली में मुकदमा अपराध संख्या 258/2026 के तहत धारा 8/21 एनडीपीएस एक्ट एवं धारा 3(5) बीएनएस के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने की कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपी विशाल अग्रहरी उर्फ छोटू के खिलाफ पहले से भी एनडीपीएस एक्ट के दो मामले दर्ज हैं। वर्ष 2023 में थाना कप्तानगंज तथा वर्ष 2025 में थाना कोतवाली में उसके विरुद्ध मादक पदार्थ तस्करी से संबंधित मुकदमे पंजीकृत किए जा चुके हैं।
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोती चंद, स्वाट प्रभारी उपनिरीक्षक शेषनाथ यादव, उपनिरीक्षक जितेंद्र सिंह, उपनिरीक्षक अजय कुमार यादव सहित कोतवाली, स्वाट और सर्विलांस टीम के कई पुलिसकर्मी शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS