NGV PRAKASH NEWS

ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब के नाम पर जाल बिछाकर लूट करने वाला गैंग गिरफ्तार, तीन युवतियां समेत छह आरोपी दबोचे
नोएडा, 06 जुलाई 2026।
ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब और सोशल मीडिया के जरिए लोगों को दोस्ती के जाल में फंसाकर लूटपाट करने वाले एक संगठित गिरोह का नोएडा पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। सेक्टर-24 थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन युवतियों और तीन युवकों सहित कुल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान निधि यादव, प्रियंका यादव, रिया यादव, ओमवीर यादव, मंजेश यादव और पंकज यादव के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, गिरोह की युवतियां सोशल मीडिया और ऑनलाइन फ्रेंडशिप क्लब के माध्यम से लोगों से संपर्क कर दोस्ती करती थीं। इसके बाद मिलने का झांसा देकर पीड़ितों को सुनसान स्थानों पर बुलाया जाता था, जहां पहले से मौजूद गिरोह के अन्य सदस्य उन्हें घेरकर मारपीट करते और नकदी, मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान लूटकर फरार हो जाते थे।
जांच में पता चला है कि यह गिरोह लंबे समय से दिल्ली-एनसीआर क्षेत्र में इसी तरीके से वारदातों को अंजाम दे रहा था। पुलिस का कहना है कि कई पीड़ित सामाजिक बदनामी और शर्मिंदगी के डर से शिकायत दर्ज नहीं कराते थे, जिसका आरोपियों ने लगातार फायदा उठाया।
पुलिस के मुताबिक, लूटपाट से अर्जित रकम से आरोपियों ने फॉर्च्यूनर समेत तीन लग्जरी कारें खरीद ली थीं और ऐशो-आराम की जिंदगी जी रहे थे। फिलहाल पुलिस गिरोह से जुड़े अन्य मामलों, आपराधिक नेटवर्क और उनकी संपत्तियों की भी जांच कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS
