भारी मात्रा में चोरी की सरिया सहित 4 गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

ट्रकों से सरिया चोरी करने वाले गिरोह का पर्दाफाश,डेढ़ टन सरिया सहित चार आरोपी गिरफ्तार

बस्ती, 08 जुलाई 2026।

जनपद बस्ती की थाना पुरानी बस्ती पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए ट्रकों से सरिया चोरी करने वाले चार आरोपियों को घटना के 24 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किए गए 28 बंडल सरिया (लगभग 14 क्विंटल) बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध आगे की विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय भेजा जा रहा है।

पुलिस के अनुसार, पटेल ढाबा एंड रेस्टोरेंट, परसाजाफर के पास खड़े ट्रक से सरिया चोरी होने के मामले में थाना पुरानी बस्ती में मुकदमा अपराध संख्या 137/2026, धारा 305 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले की जांच के दौरान थाना पुरानी बस्ती पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने संयुक्त अभियान चलाकर चारों आरोपियों को बस्ती-गोरखपुर लेन के विभिन्न स्थानों से गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान रवि सिंह (ट्रक चालक), शुभम चौधरी (ट्रैक्टर मालिक), गयासुद्दीन तथा सुरेश (दोनों मजदूर) के रूप में हुई है। पुलिस ने इनके कब्जे से चोरी किए गए कुल 28 बंडल सरिया बरामद किया।

मामले की जानकारी देते हुए क्षेत्राधिकारी सदर सतेंद्र भूषण त्रिपाठी ने बताया कि आरोपियों का चोरी करने का तरीका बेहद अलग था। यह लोग ट्रकों से एक-एक बंडल या थोड़ी-थोड़ी मात्रा में सरिया निकालते थे, ताकि कुल माल में अधिक कमी दिखाई न दे और किसी को चोरी का संदेह न हो। इसी तरीके से यह लंबे समय से वारदातों को अंजाम दे रहे थे।

इस सफल कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक शशांक शेखर राय, स्वाट/सर्विलांस प्रभारी शेषनाथ यादव, उपनिरीक्षक जयशंकर पाण्डेय सहित थाना पुरानी बस्ती, स्वाट और सर्विलांस टीम के पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *