सत्ता का नशा:शिव सेना नगर सेवक नें अस्पताल में डॉक्टरों से की मारपीट का…….

NGV PRAKASH NEWS

अस्पताल में डॉक्टरों से मारपीट का आरोप, शिवसेना नगरसेवक समेत 6 पर केस; 3 गिरफ्तार

डोंबिवली (महाराष्ट्र), 08 जुलाई 2026।

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण शहर स्थित शास्त्री नगर अस्पताल में दो डॉक्टरों के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि शिवसेना के एक नगरसेवक और उनके साथियों ने नवजात शिशु को दूसरे अस्पताल रेफर किए जाने से नाराज होकर अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों के साथ अभद्रता और मारपीट की। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला तूल पकड़ गया और पुलिस ने नगरसेवक सहित छह लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया। इस मामले में अब तक तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

पुलिस के अनुसार, कल्याण डोंबिवली महानगरपालिका द्वारा संचालित शास्त्री नगर अस्पताल में डॉक्टर सृष्टि बाविस्कर और वैभव सालुंखे ने नवजात शिशु के परिजनों को बताया था कि अस्पताल के नवजात गहन चिकित्सा कक्ष (NICU) में जगह उपलब्ध नहीं है, इसलिए बच्चे को दूसरे अस्पताल ले जाना होगा। इसी बात से नाराज परिजनों ने स्थानीय नगरसेवक को मौके पर बुला लिया।

आरोप है कि नगरसेवक ने अस्पताल पहुंचकर डॉक्टरों के साथ गाली-गलौज की और मारपीट की, जिसमें डॉक्टर वैभव सालुंखे घायल हो गए। अस्पताल की मेडिकल हेल्थ ऑफिसर डॉ. दीपा शुक्ला और स्टाफ ने सोमवार रात ही पुलिस में शिकायत दी थी, लेकिन तत्काल एफआईआर दर्ज नहीं की गई।

मंगलवार को घटना का वीडियो वायरल होने के बाद इंडियन मेडिकल एसोसिएशन (IMA) समेत डॉक्टरों के संगठनों ने विरोध प्रदर्शन किया और नगरसेवक को बचाने के आरोप लगाए। अस्पताल कर्मचारियों ने काम बंद कर विरोध जताया, जबकि आईएमए के प्रतिनिधिमंडल ने महानगरपालिका आयुक्त अभिनव गोयल से मुलाकात कर तत्काल कार्रवाई की मांग की। संगठन ने चेतावनी दी कि यदि एफआईआर दर्ज नहीं की गई तो क्षेत्र के निजी क्लीनिक और अस्पताल बंद कर दिए जाएंगे।

दबाव बढ़ने के बाद पुलिस ने नगरसेवक, उसके चार साथियों और एक महिला के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने रमेश पवार, प्रमोद निकम और अक्षय कारंडे को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। सहायक पुलिस आयुक्त सुहास नेमाडे ने बताया कि मामले की जांच जारी है। वहीं, डॉक्टरों के राष्ट्रीय संगठन FAIMA ने घटना की कड़ी निंदा करते हुए महाराष्ट्र सरकार से 24 घंटे के भीतर सख्त कार्रवाई की मांग की है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *