अपने ही सरकार में “हाउस अरेस्ट” हुए चंद्रमणि पाण्डेय”सुदामा”, मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में जाने से गया रोका…….

NGV PRAKASH NEWS

सीएम से मिलने से रोका,भाजपा जिला कार्यसमिति सदस्य को किया गया ‘हाउस अरेस्ट’ , चन्द्रमणि पाण्डेय बोले— जनहित की आवाज़ दबाने की कोशिश

बस्ती, 10 जुलाई 2026।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बस्ती दौरे के दौरान भारतीय जनता पार्टी के जिला कार्यसमिति सदस्य चन्द्रमणि पाण्डेय ‘सुदामा’ ने पुलिस प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए दावा किया कि उन्हें मुख्यमंत्री के कार्यक्रम में शामिल होने से रोकने के लिए उनके आवास पर ही रोक दिया गया। चन्द्रमणि पाण्डेय का कहना है कि जिला अध्यक्ष द्वारा जारी स्वागत सूची में उनका नाम शामिल था और उन्हें कार्यक्रम में जिम्मेदारी भी सौंपी गई थी, इसके बावजूद उन्हें बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई।

चन्द्रमणि पाण्डेय ने कहा कि उनका किसी प्रकार का विरोध-प्रदर्शन करने का कोई कार्यक्रम नहीं था। उनका उद्देश्य केवल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को मनोरमा नदी की सफाई, अतिक्रमण हटाने तथा दो टोल प्लाजा की समस्या से संबंधित जनहित का ज्ञापन सौंपना था। उनका आरोप है कि ज्ञापन देने से पहले ही उन्हें रोक दिया गया, जिससे प्रशासन की मंशा पर सवाल खड़े होते हैं।

उन्होंने कहा कि वह वर्ष 2012 से मनोरमा नदी और टोल की समस्या को लेकर लगातार संघर्ष कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने धरना-प्रदर्शन किया, न्यायालय का दरवाजा खटखटाया और स्वयं नदी में उतरकर सफाई अभियान भी चलाया। उनके अनुसार उनका संघर्ष किसी राजनीतिक उद्देश्य से नहीं, बल्कि केवल जनहित और क्षेत्र की आस्था तथा पर्यावरण की रक्षा के लिए है।

चन्द्रमणि पाण्डेय ने सवाल उठाते हुए कहा कि यदि भाजपा का एक जिला कार्यसमिति सदस्य भी मुख्यमंत्री से अपने क्षेत्र की समस्याओं को नहीं रख सकता, तो यह गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि जनसेवा का अर्थ केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जनता के हितों के लिए निर्भीक होकर आवाज़ उठाना है। उनका यह भी कहना है कि टिकट के दावेदारों और जनप्रतिनिधियों को भी ऐसे जनहित के मुद्दों पर मुखर होना चाहिए।

उन्होंने दावा किया कि उन्हें मुख्यमंत्री के स्वागत कार्यक्रम में शामिल होने से वंचित कर दिया गया और अब जनता स्वयं देखेगी कि मनोरमा नदी और दो टोल प्लाजा जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर कौन आवाज़ उठाता है। चन्द्रमणि पाण्डेय ने कहा कि कोई भी दबाव, प्रतिबंध या बाधा उन्हें जनहित की लड़ाई से पीछे नहीं हटा सकती और अंततः जीत जनता के हितों की ही होगी।

चन्द्रमणि पाण्डेय ने पूरे घटनाक्रम की जानकारी फेसबुक लाइव के माध्यम से साझा करने की भी घोषणा की है।

हालांकि, चन्द्रमणि पाण्डेय द्वारा लगाए गए आरोपों पर समाचार लिखे जाने तक जिला प्रशासन अथवा पुलिस प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *