Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

504 करोड़ की विकास सौगात के साथ हरैया से गरजे मुख्यमंत्री योगी, बोले— विकास की रफ्तार ही बनेगी नए उत्तर प्रदेश की पहचान

बस्ती, 10 जुलाई 2026।
पूर्वांचल की धरती हरैया शुक्रवार को विकास और राजनीति, दोनों की बड़ी तस्वीर की साक्षी बनी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने यहां आयोजित भव्य कार्यक्रम में लगभग 504 करोड़ रुपये की लागत वाली 77 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण एवं शिलान्यास कर जनपद को बड़ी सौगात दी। मंच से मुख्यमंत्री ने विकास कार्यों को सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि मजबूत नेतृत्व और स्पष्ट सोच से ही किसी क्षेत्र की तस्वीर बदली जा सकती है। उन्होंने हरैया विधायक अजय सिंह की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए एक मजबूत पैरोकार जरूरी होता है और हरैया लगातार नई पहचान बना रहा है।
मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन में प्रदेश सरकार की धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण की योजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि 84 कोसी परिक्रमा मार्ग को श्रद्धालुओं की सुविधा के साथ-साथ अयोध्या रिंग रोड के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके साथ ही भद्रेश्वरनाथ धाम, करण धाम, मखोड़ा धाम सहित प्रदेश के लगभग 1500 मंदिरों का जीर्णोद्धार और सुंदरीकरण कराया गया है। उन्होंने कहा कि पहले सरकारी धन कब्रिस्तानों की बाउंड्री पर खर्च होता था, जबकि अब वही संसाधन धार्मिक और सांस्कृतिक धरोहरों के विकास में लगाए जा रहे हैं।
कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गरीबों, दलितों और वंचितों की जमीनों पर कब्जे आम बात थे, लेकिन अब प्रदेश में कानून का राज स्थापित हुआ है। उन्होंने दावा किया कि बस्ती में भी कब्रिस्तान के नाम पर किए जा रहे अवैध कब्जों को हटाने की कार्रवाई कराई गई है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने विपक्ष, विशेषकर समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि पूर्ववर्ती सरकारों के समय प्रदेश विकास से दूर और अराजकता की ओर बढ़ रहा था। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में सड़क, बिजली, सुरक्षा और आधारभूत सुविधाओं के क्षेत्र में अभूतपूर्व परिवर्तन दिखाई दे रहा है। राम मंदिर निर्माण, धार्मिक स्थलों का विकास और मजबूत कानून-व्यवस्था को उन्होंने सरकार की प्रमुख उपलब्धियों में शामिल किया।
उन्होंने कहा कि सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। गरीबों को मुफ्त राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना, शौचालय, उज्ज्वला गैस कनेक्शन, बिजली कनेक्शन, किसानों को पीएम किसान सम्मान निधि, मुफ्त ट्यूबवेल बिजली तथा मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना जैसी योजनाओं का लाभ लगातार दिया जा रहा है।
अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने लोगों से विकास को प्राथमिकता देने वाले जनप्रतिनिधियों को चुनने की अपील करते हुए कहा कि विकसित उत्तर प्रदेश और विकसित बस्ती का सपना, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
इस अवसर पर भाजपा के प्रदेश प्रभारी सूर्य प्रताप शाही, क्षेत्रीय अध्यक्ष विनोद राय, जिला पंचायत अध्यक्ष संजय चौधरी, जिलाध्यक्ष विवेकानंद मिश्रा, हरैया विधायक अजय सिंह, पूर्व सांसद हरीश द्विवेदी, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, रवि सोनकर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे।
NGV PRAKASH NEWS