असलहा और बम के साथ 3 गिरफ्तार…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

पुलिस पर फायरिंग कर भाग रहे तीन बदमाश गिरफ्तार, तमंचे, कारतूस, देसी बम और बाइक बरामद

बस्ती, 10 जुलाई 2026।

थाना कोतवाली पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम पर फायरिंग कर भाग रहे तीन अभियुक्तों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे, तीन जिंदा कारतूस, एक जिंदा देसी सूतली बम, तीन मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 260 रुपये नकद बरामद किए हैं। पुलिस ने तीनों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया है, जबकि फरार अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, प्रभारी निरीक्षक मोती चन्द के नेतृत्व में थाना कोतवाली पुलिस को सूचना मिली थी कि टोल प्लाजा बस्ती के पास 8 से 10 मोटरसाइकिलों पर सवार कुछ युवक लाठी, डंडा, हॉकी, तमंचे और बम के साथ किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो संदिग्ध युवक पुलिस को देखकर बड़ेवन की ओर भागने लगे।

पुलिस ने पीछा किया तो भाग रहे युवकों ने पुलिस टीम को निशाना बनाकर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने सूझबूझ और फील्ड टैक्टिक्स का इस्तेमाल करते हुए खुद को सुरक्षित रखा और पीछा जारी रखा। अंधेरे और ट्रैफिक का फायदा उठाकर कई आरोपी फरार हो गए, लेकिन एक मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवकों को मुड़घाट पुल के पास घेराबंदी कर दबोच लिया गया।

गिरफ्तार अभियुक्तों की पहचान शिवांश सिंह उर्फ हर्ष पुत्र आनंद सिंह निवासी तुर्कहिया, अली खान उर्फ गोलू पुत्र मोहम्मद वाहिद निवासी तुर्कहिया तथा अहमद खान पुत्र शाहिद अली निवासी जयपुरवा, थाना कोतवाली, जनपद बस्ती के रूप में हुई है।

तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो अवैध तमंचे (.315 बोर), तीन जिंदा कारतूस (.315 बोर), एक जिंदा देसी सूतली बम, तीन मोबाइल फोन, एक मोटरसाइकिल और 260 रुपये नकद बरामद किए गए। बरामदगी के आधार पर थाना कोतवाली में मु0अ0सं0 301/2026 के तहत धारा 109(1), 3(5) बीएनएस, विस्फोटक पदार्थ अधिनियम, आर्म्स एक्ट तथा सीएलए एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर विधिक कार्रवाई की गई।

पूछताछ में गिरफ्तार अभियुक्तों ने पुलिस को बताया कि अवैध तमंचे और देसी बम उन्हें उनके फरार साथी अहमद मलिक, जैद और इलहान ने उपलब्ध कराए थे, जबकि गुफरान इद्रीशी ने उन्हें देसी बम बनाने और इस्तेमाल करने का प्रशिक्षण दिया था। पुलिस इन फरार आरोपियों की तलाश में दबिश दे रही है।

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त अली खान उर्फ गोलू और अहमद खान के खिलाफ पहले से मारपीट, चोरी, गैंगस्टर और अन्य गंभीर धाराओं में कई मुकदमे दर्ज हैं, जबकि शिवांश सिंह उर्फ हर्ष के विरुद्ध इस प्रकरण का मुकदमा दर्ज किया गया है।

इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक मोती चन्द के नेतृत्व में उपनिरीक्षक अजय सिंह, अजय कुमार यादव, अनस अख्तर, सुरेन्द्र प्रसाद, जितेन्द्र सिंह, रमाशंकर पाण्डेय सहित थाना कोतवाली की पुलिस टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *