Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

खून से पत्र लिखकर प्रधानमंत्री से लगाई गुहार, एथेनॉल फैक्ट्री निर्माण रोकने की मांग को लेकर ग्रामीणों का प्रदर्शन
बस्ती, 13 जुलाई 2026।
बस्ती के भानपुर तहसील क्षेत्र के दसिया गांव में प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के विरोध में ग्रामीणों ने सोमवार को अनोखा प्रदर्शन किया। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने अपने खून से पत्र लिखकर प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन तैयार किया और उपजिलाधिकारी भानपुर के माध्यम से उसे भेजते हुए फैक्ट्री निर्माण पर रोक लगाने की मांग की।

ग्रामीणों का कहना है कि प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री से क्षेत्र में भूजल संकट गहरा सकता है। उनका आरोप है कि प्लांट में भारी मात्रा में पानी की खपत होने से पहले से गिर रहे भूजल स्तर पर और प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा, जिससे किसानों की सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होगी और भविष्य में पेयजल संकट भी उत्पन्न हो सकता है।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि प्रस्तावित फैक्ट्री स्थल से करीब 200 मीटर की दूरी पर दो सरकारी विद्यालय संचालित हैं। ग्रामीणों ने आशंका जताई कि प्लांट से निकलने वाले धुएं, रासायनिक उत्सर्जन और दुर्गंध का असर आसपास के बच्चों तथा करीब 14 से 15 गांवों के लोगों के स्वास्थ्य पर पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि प्रशासन और फैक्ट्री प्रबंधन ने स्थानीय लोगों की सहमति और जनसुनवाई के बिना निर्माण कार्य शुरू कराया है। उन्होंने इस प्रक्रिया पर आपत्ति जताते हुए मामले की निष्पक्ष जांच कराने और निर्माण कार्य तत्काल रोकने की मांग की।
सपा जिला उपाध्यक्ष जितेंद्र यादव ने कहा कि उनका विरोध विकास के खिलाफ नहीं है, बल्कि ऐसे विकास के खिलाफ है जिससे किसानों की उपजाऊ जमीन, पर्यावरण और आम जनता के स्वास्थ्य पर प्रतिकूल प्रभाव पड़े। उन्होंने प्रधानमंत्री से मामले में हस्तक्षेप कर प्रस्तावित एथेनॉल फैक्ट्री के निर्माण पर रोक लगाने की मांग की।
इस दौरान संजय यादव, राकेश कुमार, अरमान खान, विवेक चौधरी, विकास यादव, शिवसहाय चौधरी, कमल यादव, रंजीत चौहान, आशीष प्रजापति, मनोज चौहान, शशि जॉन, हितेश कुमार, रजनीश सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और समर्थक मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS