बस्ती में समूह सखियों का आंदोलन;6 सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा पत्र…….

NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में समूह सखियों का आंदोलन, सेवा समाप्ति और मानदेय बंद होने के विरोध में मुख्यमंत्री को ज्ञापन

6 सूत्रीय मांगों को लेकर डीएम के माध्यम से मुख्यमंत्री को भेजा पत्र

बस्ती 21 सितम्बर 2026।

राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (NRLM) के तहत कार्यरत समूह सखियों ने सेवा निरंतरता, मानदेय और भविष्य की सुरक्षा को लेकर आवाज उठाई है। भाग्यशाली महिला सेवा समिति के बैनर तले जिलाध्यक्ष पूनम गुप्ता के नेतृत्व में समूह सखियों ने जिलाधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेजकर छह सूत्रीय मांगें रखीं।

समिति का कहना है कि समूह सखियां लंबे समय से गांव-गांव जाकर स्वयं सहायता समूहों के गठन और संचालन, बैठकों, अभिलेखों तथा मिशन की विभिन्न गतिविधियों को धरातल पर पहुंचाने का काम कर रही हैं। आरोप है कि पांच वर्ष की अवधि पूरी होने के आधार पर उन्हें कार्य से हटाने और मानदेय बंद करने की तैयारी की जा रही है, जिससे उनकी आजीविका और भविष्य को लेकर चिंता बढ़ गई है।

ज्ञापन में प्रमुख मांगें

समूह सखियों ने पांच वर्ष पूरे होने के बाद भी सेवा जारी रखने और मानदेय बंद नहीं करने, सरकार के बजट से ₹10 हजार प्रतिमाह निश्चित मानदेय DBT के माध्यम से देने, अतिरिक्त कार्य के लिए अलग पारिश्रमिक और फील्ड कार्य के लिए यात्रा भत्ता देने की मांग की है।

इसके अलावा स्पष्ट सेवा नियमावली और शिकायत निवारण व्यवस्था, मातृत्व अवकाश, दुर्घटना बीमा व चिकित्सा सहायता जैसी सामाजिक सुरक्षा सुविधाएं, तथा लंबित मानदेय और प्रोत्साहन राशि का तत्काल भुगतान करने की मांग भी ज्ञापन में शामिल है।

प्रदेश अध्यक्ष दुर्गेश पाण्डेय, प्रदेश सचिव प्रियंका देवी, प्रदेश कोषाध्यक्ष कु. शिला और जिला अध्यक्ष पूनम गुप्ता ने शासन से समूह सखियों की सेवा, मानदेय और भविष्य की सुरक्षा को लेकर स्पष्ट शासनादेश जारी करने की मांग की है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *