NGV PRAKASH NEWS

मेरठ में निदा हत्याकांड का खुलासा: ननद गिरफ्तार, नंदोई से कथित संबंधों के विवाद में चाकू मारकर हत्या का आरोप
मेरठ, 15 जुलाई 2026।
मेरठ के लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र में दो दिन पहले हुई निदा हत्याकांड की गुत्थी पुलिस ने सुलझाने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, इस सनसनीखेज हत्या की आरोपी मृतका की ननद रिमशा निकली, जिसे गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद कर लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, 12 जुलाई को लिसाड़ी गेट थाना क्षेत्र के अहमदनगर इलाके में घर के अंदर निदा की चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई थी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान तकनीकी साक्ष्यों और पूछताछ के आधार पर रिमशा पत्नी उवैश, निवासी गेट वाली करीमनगर, अंसार ब्लॉक, थाना नौचंदी का नाम सामने आया, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
पुलिस जांच में सामने आया कि मृतका निदा और रिमशा के पति उवैश के बीच कथित नजदीकियों को लेकर लंबे समय से पारिवारिक विवाद चल रहा था। इसी बात को लेकर रिमशा और निदा के बीच अक्सर कहासुनी होती रहती थी।
पुलिस के अनुसार, घटना वाले दिन रिमशा अपने मायके आई थी। दोपहर करीब 12 बजे इसी विवाद को लेकर दोनों के बीच कहासुनी हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर रिमशा रसोई से सब्जी काटने वाला चाकू लाई और निदा के सीने पर हमला कर दिया। गंभीर चोट लगने से निदा की मौके पर ही मौत हो गई।
मामले का खुलासा करते हुए क्षेत्राधिकारी कोतवाली संग्राम सिंह ने बताया कि पुलिस ने घटना के तुरंत बाद मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। तकनीकी सर्विलांस और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपी तक पहुंचा गया। पूछताछ के दौरान रिमशा ने अपना जुर्म कबूल कर लिया, जिसके बाद उसकी निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।
पुलिस का कहना है कि इस पूरे प्रकरण में यदि किसी अन्य व्यक्ति की भूमिका सामने आती है तो उसके संबंध में भी जांच की जाएगी। फिलहाल आरोपी को न्यायालय में पेश कर अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS