NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में रील क्रिएटर और पुलिस के बीच विवाद , मारपीट के आरोप; CCTV फुटेज के आधार पर जांच शुरू
बस्ती, 15 जुलाई 2026।
बस्ती के कोतवाली थाना क्षेत्र स्थित कटेश्वर पार्क और कोतवाली परिसर में रील बनाने को लेकर रील क्रिएटर्स तथा पुलिस के बीच विवाद का मामला सामने आया है। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पूरे घटनाक्रम की जांच CCTV फुटेज के आधार पर की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, कटेश्वर पार्क में रील बनाने के दौरान पुलिस ने एक युवक को हिरासत में लिया। बताया जा रहा है कि उक्त युवक द्वारा कुछ रील क्रिएटर युवतियों के प्रति अभद्र टिप्पणी किए जाने का आरोप था। इसके बाद युवतियां कोतवाली पहुंचीं और वहां युवक का वीडियो बनाने लगीं।
रील क्रिएटर पक्ष का आरोप है कि मेडिकल परीक्षण के दौरान पुलिस ने उनके साथ मौजूद लड़कों और लड़कियों को जबरन पकड़कर मारपीट की तथा शांति भंग की आशंका में धारा 151 के तहत कार्रवाई कर दी।
वहीं पुलिस का कहना है कि कुछ युवक-युवतियां कोतवाली परिसर के उस प्रतिबंधित हिस्से में वीडियो बना रहे थे, जहां सामान्य लोगों का प्रवेश वर्जित है और जहां जनरल डायरी (जीडी) तथा असला-बारूद रखा जाता है। पुलिस के अनुसार महिला पुलिसकर्मियों द्वारा रोकने पर संबंधित युवक-युवतियां पुलिस से उलझ गए और हाथापाई की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिसके बाद नियमानुसार कार्रवाई की गई।
पुलिस का दावा है कि थाने में लगे CCTV कैमरों में पूरा घटनाक्रम रिकॉर्ड हुआ है, जिससे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
उधर, उच्च अधिकारियों ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में पुलिसकर्मियों द्वारा किसी प्रकार की अभद्रता या मारपीट की पुष्टि होती है तो संबंधित कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। जांच की जिम्मेदारी क्षेत्राधिकारी (CO) सिटी को सौंपी गई है।
फिलहाल पुलिस CCTV फुटेज और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे प्रकरण की जांच कर रही है। मामले की जांच रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS