बिजली विभाग की नीतियों के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा ज्ञापन…….

NGV PRAKASH NEWS

बिजली विभाग की नीतियों के विरोध में व्यापारियों का प्रदर्शन, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा चार सूत्रीय ज्ञापन

बस्ती, 15 जुलाई 2026।

उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल के आह्वान पर बुधवार को जनपद बस्ती में जिलाध्यक्ष राकेश सिंह के नेतृत्व में व्यापारियों ने बिजली विभाग की नीतियों के विरोध में जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान व्यापारियों ने राजकीय इंटर कॉलेज परिसर से मोटरसाइकिल जुलूस निकाला, जो गांधीनगर होते हुए झंडा तिराहा पहुंचा। इसके बाद व्यापारी पैदल मार्च करते हुए जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचे और जिलाधिकारी के प्रशासनिक अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम चार सूत्रीय ज्ञापन सौंपा।

प्रदर्शन के दौरान व्यापारियों ने आरोप लगाया कि विद्युत विभाग की वर्तमान नीतियों से प्रदेश के उपभोक्ताओं और व्यापारियों का आर्थिक शोषण हो रहा है। उन्होंने सरकार से जनहित में तत्काल हस्तक्षेप कर राहत देने की मांग की।

ज्ञापन सौंपने के बाद जिलाध्यक्ष राकेश सिंह ने कहा कि यदि सरकार ने शीघ्र ही मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो संगठन प्रदेशव्यापी निर्णायक आंदोलन शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि व्यापारियों और उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा के लिए संगठन हर स्तर पर संघर्ष करने के लिए तैयार है।

मंडल अध्यक्ष डॉ. हरिमूर्ति सिंह, मंडल महामंत्री रत्नाकर श्रीवास्तव तथा संगठन महामंत्री किशन सिंह ने मांग की कि प्रदेश के 47 लाख उपभोक्ताओं पर बढ़ाए गए विद्युत लोड को वापस लिया जाए, बिजली मीटर की कीमत 700 रुपये से बढ़ाकर 5,300 रुपये किए जाने के निर्णय को निरस्त किया जाए, बिजली बिलों पर लगाए गए 10 प्रतिशत फ्यूल सरचार्ज (ईंधन अधिभार) को समाप्त किया जाए तथा उपभोक्ताओं से ली जा रही सिक्योरिटी राशि की वसूली पर तत्काल रोक लगाई जाए। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि व्यापक जनहित से जुड़े इन मुद्दों पर शीघ्र निर्णय नहीं लिया गया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।

प्रदर्शन में जिला महामंत्री आलोक दुबे, जिला संगठन मंत्री भारत राम ‘बबलू’ अग्रहरी, नगर अध्यक्ष राणा महेंद्र प्रताप, उद्योग मंच के जिला अध्यक्ष कमलेश चौधरी, युवा मंच के जिला अध्यक्ष कुलदीप श्रीवास्तव, महिला विंग की अध्यक्ष वंदना वर्मा सहित संगठन के अनेक पदाधिकारी, व्यापारी एवं बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *