NGV PRAKASH NEWS

भारी बारिश बनी काल: मुजफ्फरनगर में कच्चा मकान ढहा, पिता समेत एक ही परिवार के 5 लोगों की दर्दनाक मौत
मुजफ्फरनगर, 20 जुलाई 2026।
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले के फुगाना थाना क्षेत्र के हबीबपुर सीरी गांव में लगातार हो रही बारिश के बीच रविवार देर रात एक बड़ा हादसा हो गया। बारिश के कारण एक कच्चे मकान की छत भरभराकर गिर गई, जिससे पूरा परिवार मलबे के नीचे दब गया। इस दर्दनाक हादसे में पिता सहित परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार, मृतकों में इस्लामुद्दीन (52), उनकी 12 वर्षीय बेटी रुखसार, बेटी अल्शिफा, बेटा आहद तथा 8 माह का मासूम जीशान शामिल हैं। हादसे के समय पूरा परिवार घर में सो रहा था। अचानक कच्चे मकान की छत ढहने से सभी लोग मलबे में दब गए।
चीख-पुकार सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। स्थानीय लोगों, पुलिस तथा प्रशासन की टीम ने संयुक्त रूप से राहत एवं बचाव अभियान चलाकर सभी को मलबे से बाहर निकाला। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने पांच लोगों को मृत घोषित कर दिया। दो गंभीर घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर मेडिकल सेंटर रेफर किया गया है।
प्रशासनिक अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर राहत कार्यों का जायजा लिया है। प्रारंभिक जांच में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण कच्चे मकान की छत कमजोर होकर गिरना हादसे की वजह माना जा रहा है। प्रशासन ने मामले की जांच शुरू कर दी है और प्रभावित परिवार को हर संभव सहायता उपलब्ध कराने की बात कही है।
NGV PRAKASH NEWS