Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

महिला अपराधों की विवेचना में लापरवाही पर SP संदीप कुमार मीना सख्त, धनघटा के 4 विवेचकों की जांच के आदेश; सावन पर्व को लेकर भी दिए कड़े निर्देश
संतकबीरनगर, 21 जुलाई 2026।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने मंगलवार को पुलिस कार्यालय में अर्दली रूम आयोजित कर गैंगस्टर अधिनियम एवं महिला संबंधी गंभीर अपराधों की लंबित विवेचनाओं की गहन समीक्षा की। इस दौरान विवेचना में लापरवाही सामने आने पर थाना धनघटा के चार विवेचकों के खिलाफ प्रारंभिक जांच के आदेश दिए गए। साथ ही आगामी सावन पर्व और अन्य त्योहारों को लेकर जिले में सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सभी थाना प्रभारियों को कड़े दिशा-निर्देश जारी किए गए।
अर्दली रूम में क्षेत्राधिकारी मेंहदावल सर्वदवन सिंह, क्षेत्राधिकारी खलीलाबाद प्रियम राजशेखर पाण्डेय तथा क्षेत्राधिकारी धनघटा अभयनाथ मिश्रा सहित जनपद के सभी प्रभारी निरीक्षक, थानाध्यक्ष, विवेचक, हेड मोहर्रिर, पेशी लिपिक एवं संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
बैठक में पुलिस अधीक्षक ने गैंगस्टर अधिनियम के मामलों के साथ-साथ हत्या, दहेज हत्या, बलात्कार, अपहरण, शीलभंग, छेड़खानी तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं में दर्ज लंबित और आंशिक विवेचनाओं की बिंदुवार समीक्षा की। उन्होंने सभी विवेचकों को वैज्ञानिक साक्ष्य संकलन, गवाहों के समयबद्ध बयान, निष्पक्ष जांच तथा निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण विवेचना पूरी करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान थाना धनघटा के चार विवेचकों द्वारा विवेचना में लापरवाही और अनावश्यक विलंब पाए जाने पर उनके विरुद्ध प्रारंभिक जांच कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी विवेचकों को चेतावनी दी गई कि भविष्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता या लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। थाना प्रभारियों को भी अपने अधीनस्थ विवेचकों के कार्यों की नियमित समीक्षा कर समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक ने विवेचना कार्य में आधुनिक तकनीक और डिजिटल माध्यमों के अधिकतम उपयोग पर भी जोर दिया। उन्होंने यक्ष ऐप, ई-समन एवं S-ID प्रणाली का प्रभावी उपयोग कर विवेचना को अधिक पारदर्शी, त्वरित और गुणवत्तापूर्ण बनाने के निर्देश दिए।
बैठक में जनशिकायतों के त्वरित निस्तारण, प्रभावी अपराध नियंत्रण तथा विधिक कार्रवाई को प्राथमिकता देने पर भी बल दिया गया।
इसके साथ ही आगामी सावन पर्व को देखते हुए सभी प्रभारी निरीक्षकों एवं थानाध्यक्षों को संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी, नियमित पैदल गश्त, निरोधात्मक कार्रवाई, असामाजिक एवं अराजक तत्वों पर कड़ी नजर रखने, जनप्रतिनिधियों एवं संभ्रांत नागरिकों से लगातार संवाद बनाए रखने तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पुलिस बल को पूरी सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना ने स्पष्ट कहा कि महिला संबंधी अपराधों और संगठित अपराधों में त्वरित, निष्पक्ष एवं गुणवत्तापूर्ण विवेचना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है तथा ऐसे मामलों में दोषियों के विरुद्ध प्रभावी अभियोजन सुनिश्चित किया जाएगा।
NGV PRAKASH NEWS