पुलिस मुठभेड़ में अंतर्राज्जीय गौ तस्कर गिरफ्तार..

Gyan Prakash Dubey


बस्ती।
18 सितंबर 2025

बस्ती जिले के हरैया थाना क्षेत्र में बीती रात पुलिस और गौ-तस्करों के बीच मुठभेड़ हो गई। एनएच-28 के पास हुई इस कार्रवाई में गौ-तस्कर सुभान अली उर्फ पापु, निवासी रामपुर, के पैर में गोली लगी। घायल तस्कर को पुलिस ने तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हरैया भेजा, जहां उसका उपचार जारी है।

सूत्रों के अनुसार, पुलिस को लंबे समय से इस गिरोह की गतिविधियों की जानकारी मिल रही थी। गुरुवार रात मुखबिर की सूचना पर SOG, स्वाट टीम, हरैया, छावनी और परसरामपुर थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी की। तभी आरोपी ने पुलिस को देखते ही फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली उसके पैर में लगी और उसे दबोच लिया गया।

पुलिस अधीक्षक अभिनन्दन ने घटना स्थल पर पहुंचकर पूरी जानकारी साझा की। उनके साथ अपर पुलिस अधीक्षक ओमप्रकाश सिंह और क्षेत्राधिकारी हरैया संजय सिंह भी मौजूद रहे। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मौके से छह गौवंशीय पशुओं को बरामद कर पास की गौशाला में भेज दिया गया है। इसके अलावा, अभियुक्त के पास से एक देसी कट्टा भी मिला है।

पुलिस अधीक्षक ने कहा कि बस्ती पुलिस लगातार गौ-तस्करों और अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई कर रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि कानून व्यवस्था को चुनौती देने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।

स्थानीय लोगों का मानना है कि इस तरह की कार्रवाई से इलाके में अपराधियों में भय का माहौल बना है और आमजन का पुलिस पर भरोसा और गहरा हुआ है।

NGV PRAKASH NEWS


Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *