कांवड़ यात्रा की तैयारियों का मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसपी ने पूरे रूट का भ्रमण कर लिया जायजा…… दिए यह निर्देश

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कांवड़ यात्रा की तैयारियों का मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसपी ने लिया जायजा, भदेश्वरनाथ मंदिर व पूरे रूट का किया निरीक्षण

बस्ती, 21 जुलाई 2026।

श्रावण मास में प्रस्तावित कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से मंगलवार को मंडलायुक्त अखिलेश सिंह, पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना तथा पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह ने संयुक्त रूप से संपूर्ण कांवड़ यात्रा मार्ग एवं भदेश्वरनाथ मंदिर का स्थलीय निरीक्षण किया।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने कांवड़ियों के आवागमन की व्यवस्थाओं, सुरक्षा इंतजामों, यातायात प्रबंधन तथा अन्य आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कांवड़ यात्रा के दौरान संभावित समस्याओं की जानकारी प्राप्त की और उनके समयबद्ध समाधान के निर्देश दिए।

उच्चाधिकारियों ने कानून-व्यवस्था को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी, प्रभावी पुलिस व्यवस्था तथा श्रद्धालुओं की सुविधा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने के निर्देश दिए गए।

श्रावण मास की कांवड़ यात्रा एवं भदेश्वरनाथ मंदिर में लगने वाले मेले को सुरक्षित, व्यवस्थित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाने के उद्देश्य से मंडलायुक्त अखिलेश सिंह एवं पुलिस उप महानिरीक्षक (डीआईजी) बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी ने वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ व्यापक तैयारियों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा, यातायात, पार्किंग, बैरिकेडिंग, सीसीटीवी निगरानी और आपातकालीन सेवाओं सहित सभी व्यवस्थाओं को समय से पूरा करने के निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कांवड़ यात्रा, श्रावण मेला, रूट डायवर्जन, बैरिकेडिंग, पार्किंग तथा श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए संबंधित विभागों को सभी शेष कार्य समय से पहले पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने पूरे मेला क्षेत्र एवं प्रमुख स्थानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने, दोपहिया एवं चारपहिया वाहनों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था करने तथा महिला एवं पुरुष श्रद्धालुओं के प्रवेश और निकास के लिए अलग-अलग कतारें सुनिश्चित करने को कहा।

सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पर्याप्त संख्या में महिला एवं पुरुष पुलिसकर्मियों की शिफ्टवार ड्यूटी लगाने, ड्रोन कैमरों से निगरानी कराने तथा मंदिर के गर्भगृह में सादे वस्त्रों में पुलिसकर्मियों की तैनाती के निर्देश दिए गए। इसके साथ ही किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए स्वास्थ्य विभाग की टीमों एवं एंबुलेंस सेवाओं को तैनात रखने, सड़क मार्ग के गड्ढों को भरवाने, बिजली के खंभों की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा पूरे जनपद एवं मंदिर परिसर को जोन और सेक्टर में विभाजित कर मजिस्ट्रेट एवं अधिकारियों की तैनाती करने के निर्देश भी दिए गए।

समीक्षा बैठक के बाद मंडलायुक्त, डीआईजी तथा अन्य अधिकारियों ने भदेश्वरनाथ मंदिर से अयोध्या बॉर्डर तक बस से कांवड़ यात्रा मार्ग का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्रमुख स्थलों, विश्राम स्थलों, जलापूर्ति केंद्रों, चिकित्सा सहायता केंद्रों, सुरक्षा चेक पोस्टों एवं यातायात व्यवस्था का मौके पर जायजा लिया तथा संबंधित विभागों के अधिकारियों से तैयारियों की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।

डीआईजी संजीव त्यागी ने पुलिस, प्रशासन, स्वास्थ्य, यातायात, अग्निशमन, विद्युत, लोक निर्माण विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूरी करने के निर्देश दिए, ताकि कांवड़ यात्रियों एवं श्रद्धालुओं को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

इस दौरान अधिकारियों ने आमजन से भी कांवड़ यात्रा को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ संपन्न कराने में सहयोग की अपील की।

निरीक्षण के समय अपर जिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी सदर सतेंद्र भूषण त्रिपाठी, क्षेत्राधिकारी कलवारी प्रदीप कुमार त्रिपाठी , संबंधित थाना प्रभारी तथा राजस्व विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी भी उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *