सरकारी विश्वविद्यालय की मांग को लेकर मुख्यमंत्री के नाम सौपा ज्ञापन…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

बस्ती में सरकारी विश्वविद्यालय की मांग तेज, मुख्यमंत्री के नाम सौंपा गया ज्ञापन

बस्ती, 21 जुलाई 2026।

बस्ती मंडल में सरकारी विश्वविद्यालय की स्थापना एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार की मांग को लेकर मंगलवार को वी इंडियन फाउंडेशन के अध्यक्ष डॉ. सुनील चौधरी के नेतृत्व में मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश के नाम जिलाधिकारी बस्ती के माध्यम से ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन में क्षेत्र के विद्यार्थियों को बेहतर उच्च शिक्षा उपलब्ध कराने तथा शिक्षा व्यवस्था को सशक्त बनाने की मांग उठाई गई।

ज्ञापन में कहा गया कि बस्ती मंडल के हजारों छात्र-छात्राओं को उच्च शिक्षा प्राप्त करने के लिए अन्य शहरों का रुख करना पड़ता है, जिससे उन पर आर्थिक एवं सामाजिक बोझ बढ़ जाता है। यदि बस्ती में सरकारी विश्वविद्यालय की स्थापना होती है तो क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण उच्च शिक्षा, शोध, नवाचार और रोजगार के नए अवसर विकसित होंगे, जिससे पूरे मंडल के युवाओं को लाभ मिलेगा।

इस जनहित अभियान को ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन ने भी समर्थन देते हुए अपना समर्थन पत्र सौंपा। संगठन के अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने कहा कि शिक्षा समाज के समग्र विकास की आधारशिला है और बस्ती मंडल में शिक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए विश्वविद्यालय की स्थापना तथा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार अत्यंत आवश्यक है।

डॉ. सुनील चौधरी ने कहा कि शिक्षा किसी भी क्षेत्र के विकास की सबसे बड़ी शक्ति होती है। यदि बस्ती मंडल के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण एवं सुलभ उच्च शिक्षा मिलेगी तो वे प्रदेश और देश के विकास में अधिक प्रभावी भूमिका निभा सकेंगे। उन्होंने प्रदेश सरकार से जनहित की इस मांग पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लेने का आग्रह किया।

वहीं एडवोकेट जितेंद्र चौधरी ने कहा कि बस्ती के समग्र विकास के लिए एक उच्च स्तरीय सरकारी विश्वविद्यालय की स्थापना बेहद आवश्यक है और इस मांग को पूरा कराने के लिए हरसंभव प्रयास जारी रहेंगे।

प्रतिनिधिमंडल ने उम्मीद जताई कि प्रदेश सरकार बस्ती मंडल के लाखों विद्यार्थियों और युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए विश्वविद्यालय की स्थापना एवं शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के लिए आवश्यक कदम उठाएगी।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *