10 वीं के छात्र का शव घर के पास झोपड़ी में मिला, फैली सनसनी…….

NGV PRAKASH NEWS

नहीं रुक रहा युवाओं की सुसाइड का मामला

बस्ती में 16 वर्षीय छात्र का शव फंदे से लटका मिला, खेत की झोपड़ी के पास मिली लाश, परिवार में मचा कोहराम

बस्ती, 26 जुलाई 2026।

जनपद बस्ती के कलवारी थाना क्षेत्र के पिपरा गांव में उस समय सनसनी फैल गई जब 16 वर्षीय छात्र का शव खेत के पास बने छप्पर के बांस से रस्सी के सहारे लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

परिजनों के अनुसार, सनूप यादव पुत्र रामलाल शनिवार रात भोजन करने के बाद खेत में बनी झोपड़ी में सोने के लिए गया था। रविवार भोर में जब वह घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। तलाश के दौरान मकान से कुछ दूरी पर खेत के पास बने छप्पर में उसका शव फंदे से लटका मिला। यह दृश्य देखते ही परिजनों के होश उड़ गए और मौके पर कोहराम मच गया।

ग्रामीणों द्वारा घटना की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही कलवारी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है।

मृतक सनूप यादव सिकंदरपुर स्थित सुषमा देवी इंटर कॉलेज में कक्षा 10 का छात्र था। उसकी असामयिक मौत से परिवार के साथ-साथ पूरे गांव में शोक का माहौल है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *