NGV PRAKASH NEWS

संतकबीरनगर साइबर सेल की बड़ी सफलता: ठगी के शिकार दो पीड़ितों को वापस दिलाए ₹1 लाख, त्वरित कार्रवाई से मिली राहत
संतकबीरनगर, 26 जुलाई 2026।
जनपद संतकबीरनगर में साइबर अपराध के पीड़ितों को राहत दिलाने की दिशा में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक संदीप कुमार मीना के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘क्रैक साइबर क्राइम अभियान’ के तहत साइबर सेल थाना कोतवाली खलीलाबाद की टीम ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के दो मामलों में कुल ₹1,00,000 की धनराशि पीड़ितों के बैंक खातों में वापस कराई।
पहले मामले में गिरजेश, निवासी वार्ड नंबर-18, एमपी रोड, गोला बाजार दक्षिणी, थाना कोतवाली खलीलाबाद ने 14 जून 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि अपनी ज्वेलरी दुकान के लिए एक व्यापारी से ₹90,000 के आभूषण खरीदे थे और यूपीआई के माध्यम से भुगतान किया था, लेकिन व्यापारी के खाते में राशि नहीं पहुंची। शिकायत मिलने के बाद साइबर हेल्प डेस्क पर तैनात आरक्षी रविकांत कुशवाहा एवं महिला आरक्षी शिवांगी सिंह ने संबंधित बैंक सहित अन्य माध्यमों से लगातार प्रभावी पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप पीड़ित के पूरे ₹90,000 सफलतापूर्वक वापस करा दिए गए।
दूसरे मामले में सुमन भारती, निवासी सेमराडाड़ी, थाना कोतवाली खलीलाबाद ने 23 मार्च 2026 को शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि एक अज्ञात व्यक्ति ने अधिक पैसा दिलाने का लालच देकर झूठा विश्वास दिलाया और उनके खाते से ₹40,000 ट्रांजैक्शन करवा लिया। शिकायत मिलने के बाद साइबर सेल ने त्वरित कार्रवाई करते हुए बैंक एवं संबंधित एजेंसियों से समन्वय स्थापित किया, जिसके फलस्वरूप पीड़िता के ₹10,000 वापस उनके बैंक खाते में जमा करा दिए गए।
इस सफलता में प्रभारी निरीक्षक जयप्रकाश दूबे, अपराध निरीक्षक वीरेन्द्र कुमार यादव (प्रभारी साइबर सेल), आरक्षी रविकांत कुशवाहा, महिला आरक्षी शिवांगी सिंह, आरक्षी अनुज शुक्ला तथा आरक्षी ऋतिक वर्मा की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
पुलिस ने आमजन से अपील की है कि किसी भी अनजान कॉल, लिंक, ओटीपी, क्यूआर कोड या अधिक लाभ के झांसे में न आएं। यदि कोई व्यक्ति साइबर ठगी का शिकार हो जाए तो तत्काल 1930 हेल्पलाइन पर कॉल करें अथवा www.cybercrime.gov.in पर शिकायत दर्ज करें, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई कर धनराशि सुरक्षित कराई जा सके।
NGV PRAKASH NEWS