
NGV PRAKASH NEWS
पत्रकार प्रकरण में बड़ी कार्रवाई: एसओजी प्रभारी श्यामवीर सिंह लाइन हाजिर, पत्रकारों के विरोध के 24 घंटे के भीतर लिया गया फैसला
शाहजहांपुर, 27 जुलाई 2026।
शाहजहांपुर में दो पत्रकारों को कथित रूप से हिरासत में लिए जाने के मामले में पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए एसओजी प्रभारी श्यामवीर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया है। यह निर्णय पत्रकारों के विरोध प्रदर्शन और प्रशासन से की गई कार्रवाई की मांग के बाद लिया गया।
जानकारी के अनुसार, एसओजी टीम द्वारा दो पत्रकारों को कथित रूप से बिना ठोस आधार के हिरासत में लेने की घटना के बाद जिलेभर के पत्रकारों में आक्रोश फैल गया था। शुक्रवार को प्रेस क्लब में बैठक आयोजित कर पत्रकारों ने कलेक्ट्रेट तक विरोध मार्च निकाला। इस दौरान प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए संबंधित अधिकारियों पर कार्रवाई की मांग की गई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सौरभ दीक्षित ने जांच के निर्देश दिए थे और 24 घंटे के भीतर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया था। इसी क्रम में एसओजी प्रभारी श्यामवीर सिंह को लाइन हाजिर कर दिया गया।
पुलिस प्रशासन की इस कार्रवाई को पत्रकारों के विरोध के बाद उठाया गया त्वरित कदम माना जा रहा है। वहीं पत्रकारों ने इसे अपनी एकजुटता की जीत बताते हुए कहा कि पत्रकारों के सम्मान, स्वतंत्रता और अधिकारों से जुड़े किसी भी मुद्दे पर वे आगे भी संगठित होकर आवाज उठाते रहेंगे।
NGV PRAKASH NEWS