शराब पीकर नदी में नहाने गए चार दोस्तों की मौत…….

NGV PRAKASH NEWS

यमुना में नहाना पड़ा भारी: चार दोस्त नदी में डूबे, एक का शव बरामद, तीन की तलाश में जुटीं रेस्क्यू टीमें

नई दिल्ली, 28 जुलाई 2026।

राजधानी दिल्ली के शाहदरा जिले के गीता कॉलोनी थाना क्षेत्र में सोमवार शाम यमुना नदी में बड़ा हादसा हो गया। जीरो पुस्ता रोड स्थित मदीना मस्जिद के पास यमुना में नहाने उतरे चार दोस्तों के डूबने की आशंका से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही दमकल विभाग, गोताखोरों और पुलिस की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

रेस्क्यू अभियान के दौरान एक व्यक्ति को नदी से बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान 40 वर्षीय सोनू के रूप में हुई है। वहीं, उसके साथ नदी में उतरे तीन अन्य दोस्तों का देर रात तक कोई सुराग नहीं लग सका।

परिजनों के अनुसार, चारों दोस्त पहले गांधी नगर इलाके में एक साथ शराब पी रहे थे। इसके बाद वे यमुना नदी में नहाने पहुंचे, जहां यह दर्दनाक हादसा हो गया। हालांकि, हादसा किन परिस्थितियों में हुआ, इसकी जांच अभी जारी है।

दिल्ली फायर सर्विस के अधिकारियों ने बताया कि सोमवार शाम करीब 7:20 बजे घटना की सूचना मिली थी। सूचना मिलते ही दो फायर टेंडर मौके पर भेजे गए और कुछ ही मिनटों में बचाव दल घटनास्थल पर पहुंच गया। देर रात तक नदी में तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन अंधेरा बढ़ने के कारण ऑपरेशन रोकना पड़ा।

अधिकारियों के मुताबिक, मंगलवार सुबह उजाला होते ही दोबारा सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और लापता तीनों लोगों की पहचान व अन्य जानकारियां जुटाई जा रही हैं।

घटनास्थल पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। सभी की निगाहें अब रेस्क्यू टीमों पर टिकी हैं कि लापता तीनों दोस्तों का जल्द से जल्द पता चल सके।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *