सिलेंडर से लगी दो घरों में आग, लाखों का सामान जलकर हुआ राख…….

NGV PRAKASH NEWS

भारत गैस सिलेंडर में लगी आग से दो घर प्रभावित, लाखों का सामान जलकर राख, ग्रामीणों ने बुझाई आग

बस्ती, 27 जुलाई 2026।

जनपद बस्ती के मुण्डेरवा थाना क्षेत्र अंतर्गत परसा हज्जाम गांव में रविवार रात करीब नौ बजे खाना बनाते समय भारत गैस सिलेंडर में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे पक्के मकान को अपनी चपेट में ले लिया। घटना में लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान जलकर राख हो गया।

जानकारी के अनुसार, शिवनाथ पुत्र रामदुलारे अपने पक्के मकान में गैस सिलेंडर पर खाना बना रहे थे, तभी अचानक सिलेंडर में आग लग गई। आग की लपटें तेजी से पूरे घर में फैल गईं। शोर-शराबा सुनकर मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने हिम्मत दिखाते हुए भीगे कपड़ों, टिल्लू पंप और बाल्टियों से पानी डालकर आग पर काबू पाने का प्रयास किया।

आग की चपेट में घर के बगल में स्थित रामबहोर पुत्र कल्पू का रिहायशी छप्पर भी आ गया, जो पूरी तरह जलकर राख हो गया। घटना की सूचना ग्राम प्रधान रजवंत यादव ने तत्काल फायर ब्रिगेड और खझौला पुलिस चौकी प्रभारी राकेश त्रिपाठी को दी। हालांकि, फायर ब्रिगेड के पहुंचने से पहले ही ग्रामीणों ने सामूहिक प्रयास से आग पर काबू पा लिया।

इस अग्निकांड में शिवनाथ के घर का लाखों रुपये मूल्य का घरेलू सामान, कपड़े, बिस्तर, चारपाई तथा नगदी जलकर नष्ट हो गई। वहीं रामबहोर का रिहायशी छप्पर पूरी तरह जल गया।

घटना के बाद ग्राम प्रधान रजवंत यादव, कोटेदार जागृति, गांव के लोगों तथा चौकी प्रभारी राकेश त्रिपाठी ने पीड़ित परिवारों को वस्त्र, बर्तन, खाद्यान्न एवं नगद सहायता उपलब्ध कराई।

सोमवार सुबह मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल अनुराग श्रीवास्तव ने क्षति का आकलन किया और बताया कि नुकसान की रिपोर्ट तैयार कर तहसील प्रशासन बस्ती सदर को भेज दी गई है, ताकि पीड़ित परिवारों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जा सके।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *