
Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS
बस्ती में चलते रोडवेज बस में लगी भीषण आग, धू-धू कर जलकर बनी आग का गोला; यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
बस्ती, 28 जुलाई 2026।
जनपद बस्ती में मंगलवार दोपहर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब पटेल चौक के पास राष्ट्रीय राजमार्ग-28 पर चल रही उत्तर प्रदेश परिवहन निगम की रोडवेज बस (वाहन संख्या UP78LN1370) में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरी बस आग के गोले में तब्दील हो गई। सड़क पर मौजूद लोगों में हड़कंप मच गया और घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देश पर यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी अपनी टीम के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे। उन्होंने बिना समय गंवाए स्थानीय लोगों, पुलिसकर्मियों और अन्य कर्मचारियों के सहयोग से राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
बस के परिचालक विनय त्रिवेदी और चालक ने भी सूझबूझ का परिचय देते हुए सभी यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बस से बाहर निकाल लिया। पुलिस और स्थानीय लोगों की तत्परता के चलते बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बच गए और किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
घटना के बाद फायर ब्रिगेड की टीम भी मौके पर पहुंची और काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया गया। आग के कारण कुछ समय के लिए राष्ट्रीय राजमार्ग पर यातायात प्रभावित रहा, लेकिन यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस ने तत्काल मार्ग को खाली कराकर यातायात को पुनः सुचारू कर दिया। वर्तमान में मार्ग पर आवागमन सामान्य है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। बस हालांकि आग की चपेट में आकर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
यातायात प्रभारी कुलदीप त्रिपाठी ने बताया कि समय पर पुलिस, चालक-परिचालक और स्थानीय लोगों की सक्रियता के कारण एक बड़ा हादसा टल गया। उन्होंने आमजन से अपील की कि ऐसी किसी भी आपात स्थिति में घबराने के बजाय प्रशासन और पुलिस का सहयोग करें। वहीं घटनास्थल पर मौजूद लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड की त्वरित कार्रवाई की सराहना की।
NGV PRAKASH NEWS