NGV PRAKASH NEWS

शुद्धिकरण भोज में कढ़ी खाने के बाद एक दर्जन लोग बीमार, जहर मिलने की आशंका; पुलिस ने कहा— पुष्टि नहीं
हरदोई, 28 जुलाई 2026।
हरदोई जिले के पाली थाना क्षेत्र के राहतौरा गांव में शुद्धिकरण भोज के दौरान कढ़ी खाने के बाद एक दर्जन से अधिक लोगों की अचानक तबीयत बिगड़ गई। घटना के बाद भोज स्थल पर अफरा-तफरी मच गई और बीमार लोगों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली में भर्ती कराया गया। चिकित्सकों के अनुसार सभी की हालत फिलहाल सामान्य है।
जानकारी के अनुसार राहतौरा गांव निवासी संदीप का शनिवार को निधन हो गया था। सोमवार को शुद्धिकरण संस्कार के बाद परिवार की ओर से स्वजनों और ग्रामीणों के लिए भोज का आयोजन किया गया था। भोजन में कढ़ी सहित अन्य व्यंजन परोसे गए थे। परिजनों का आरोप है कि जैसे ही लोगों ने कढ़ी खाना शुरू किया, उसका स्वाद असामान्य और कड़वा लगा। कुछ ही देर में कई लोगों को उल्टी, चक्कर और जी मिचलाने की शिकायत होने लगी।
परिवार की महिला साधना ने बताया कि जब वह अपनी बहन के लिए कढ़ी निकाल रही थीं, तभी उसमें कोई काली वस्तु दिखाई दी। परिजनों का दावा है कि कढ़ाई के अंदर एक डिब्बी जैसी वस्तु भी मिली, जिससे भोजन में किसी जहरीले पदार्थ के होने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि इसकी अब तक आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
घटना में अंकेश, नेत्रपाल, आनंद, सचिन, शैलेन्द्र, भूरा, मोहित, श्रीपाल, आशीष, रवी और कमलेश समेत एक दर्जन से अधिक लोगों की तबीयत बिगड़ गई। सभी को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पाली ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति सामान्य बताई गई।
मामले की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थानाध्यक्ष विजय कुमार मिश्र ने बताया कि सोमवार रात करीब आठ बजे डायल 112 के माध्यम से सूचना मिली थी। प्रारंभिक जांच में भोजन में जहर मिलने की पुष्टि नहीं हुई है। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में किसी कीड़े-मकोड़े या अन्य बाहरी पदार्थ के भोजन में गिर जाने की संभावना से भी इनकार नहीं किया जा सकता।
पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है। यदि जांच के दौरान कोई आपराधिक तथ्य सामने आता है या परिजनों की ओर से तहरीर दी जाती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS