Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

श्रावण मास व कांवड़ यात्रा को लेकर बस्ती पुलिस-प्रशासन अलर्ट, यूपी-112 कर्मियों को दिए विशेष निर्देश, मार्गों का किया संयुक्त निरीक्षण
बस्ती, 01 अगस्त 2026।
श्रावण मास और आगामी कांवड़ यात्रा को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जनपद बस्ती पुलिस और प्रशासन पूरी तरह अलर्ट मोड में है। इसी क्रम में शनिवार को एक ओर यूपी-112 के समस्त पीआरवी कर्मियों के साथ गूगल मीट के माध्यम से विशेष गोष्ठी आयोजित कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए, वहीं दूसरी ओर थाना छावनी में होटल एवं ढाबा संचालकों के साथ बैठक कर सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने की अपील की गई। इसके साथ ही उप जिलाधिकारी सदर और क्षेत्राधिकारी सदर ने कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण कर तैयारियों का जायजा लिया।
📍पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक श्यामकांत के मार्गदर्शन में आयोजित ऑनलाइन गोष्ठी में क्षेत्राधिकारी सदर सत्येन्द्र भूषण तिवारी, यूपी-112 प्रभारी परमाशंकर यादव, प्रभारी आरओआईपी चन्द्रकेश राय एवं बीईएल इंजीनियर रत्नाकर पाण्डेय की मौजूदगी में जनपद के सभी पीआरवी कमांडर, सब-कमांडर और चालकों को श्रावण मास के प्रत्येक सोमवार (03, 10, 17 एवं 24 अगस्त) तथा श्रावण शिवरात्रि (10/11 अगस्त) के दौरान विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए।
गोष्ठी में निर्देशित किया गया कि किसी भी इवेंट की सूचना मिलने पर पीआरवी चालक नियंत्रित गति से वाहन चलाते हुए तत्काल घटनास्थल पर पहुंचें तथा कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं के साथ पूरी शालीनता, धैर्य और सम्मानजनक व्यवहार रखें। किसी भी परिस्थिति में श्रद्धालुओं से विवाद न करने तथा प्रत्येक घटना की जानकारी संबंधित थाना प्रभारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों को देने के निर्देश दिए गए। महिला, बुजुर्ग, बच्चों और बीमार व्यक्तियों को प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराने पर भी विशेष जोर दिया गया।
सभी पीआरवी को अपने वाहनों में उपलब्ध आपातकालीन उपकरणों की जांच, जीपीएस सक्रिय रखने, पीटीजेड कैमरों की रिकॉर्डिंग सुरक्षित रखने, रात्रि में हूटर और चेतावनी लाइट का उचित उपयोग करने तथा निर्धारित ड्रेस कोड में ड्यूटी करने के निर्देश दिए गए। साथ ही रिस्पांस टाइम बेहतर रखने, कॉलर संतुष्टि प्रतिशत बढ़ाने, घटनास्थल की फोटो-वीडियो अपलोड करने तथा समयबद्ध एटीआर दर्ज करने के लिए भी कर्मियों को निर्देशित किया गया, ताकि यूपी-112 की सकारात्मक छवि आमजन के बीच बनी रहे।
📍इसी क्रम में थाना छावनी पुलिस ने प्रभारी निरीक्षक राणा डी. पी. सिंह के नेतृत्व में थाना परिसर में होटल और ढाबा संचालकों के साथ बैठक आयोजित की। बैठक में आगामी कांवड़ यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने के लिए सभी संचालकों से अपने प्रतिष्ठानों पर सीसीटीवी कैमरे लगाने की अपील की गई। साथ ही उच्चाधिकारियों द्वारा जारी दिशा-निर्देशों से अवगत कराते हुए यात्रा के दौरान पुलिस प्रशासन का सहयोग करने का अनुरोध किया गया। यह बैठक क्षेत्राधिकारी हर्रैया स्वर्णिमा सिंह के पर्यवेक्षण में आयोजित हुई।
📍वहीं उप जिलाधिकारी सदर एवं क्षेत्राधिकारी सदर ने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों के साथ अमहट से भदेश्वरनाथ मंदिर तक कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अमहट घाट, सरदार वल्लभभाई पटेल पार्क, रामचन्द्र शुक्ल तिराहा, कमिश्नर तिराहा, महाराणा प्रताप तिराहा, कंपनी बाग मार्ग सहित प्रमुख स्थलों की सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पार्किंग, स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्थाओं का जायजा लिया गया।
अधिकारियों ने संवेदनशील स्थलों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, मजबूत बैरिकेडिंग, आवश्यकतानुसार ट्रैफिक डायवर्जन, सीसीटीवी एवं ड्रोन कैमरों के माध्यम से निगरानी, स्ट्रीट लाइट, स्वच्छ पेयजल और साफ-सफाई जैसी सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और कांवड़ यात्रा पूरी तरह सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।
NGV PRAKASH NEWS