लगातार एक्शन में नजर आ रही जिलाधिकारी: भदेश्वरनाथ मंदिर और कांवड़ यात्रा मार्ग का किया निरीक्षण…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

श्रावण सोमवार पर डीएम ने बाबा भदेश्वरनाथ मंदिर का किया निरीक्षण, कांवड़ यात्रियों की सुरक्षा और सुविधाओं का लिया जायजा

श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुगम दर्शन और बेहतर व्यवस्थाओं के दिए निर्देश

बस्ती, 03 अगस्त 2026।

श्रावण मास में चल रही कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा एवं सुविधाओं को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना ने सोमवार को बाबा श्री भदेश्वरनाथ मंदिर परिसर का स्थलीय निरीक्षण किया। उन्होंने मंदिर परिसर में व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों को सभी आवश्यक इंतजाम पूरी सतर्कता और समन्वय के साथ सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

मंदिर परिसर की व्यवस्थाओं का किया गहन निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मंदिर परिसर, मुख्य प्रवेश एवं निकास द्वार, दर्शन मार्ग, बैरिकेडिंग, पार्किंग स्थल, पेयजल, शौचालय, प्रकाश व्यवस्था, साफ-सफाई तथा सुरक्षा व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि कांवड़ यात्रियों और अन्य श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी विभाग अपनी जिम्मेदारियों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करें।

भीड़ प्रबंधन और यातायात व्यवस्था पर विशेष जोर

जिलाधिकारी ने पुलिस अधिकारियों को निर्देशित किया कि भीड़ नियंत्रण के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहे तथा संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखी जाए। उन्होंने यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निर्धारित रूट डायवर्जन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने के निर्देश भी दिए, ताकि श्रद्धालुओं और आम नागरिकों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

24 घंटे सक्रिय रहें सभी आवश्यक सेवाएं

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक सेवाएं चौबीसों घंटे सक्रिय रहें तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध रखे जाएं। जिला पंचायत राज अधिकारी एवं संबंधित विभागों को मंदिर परिसर और आसपास के क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने, नियमित कूड़ा निस्तारण तथा पेयजल की निर्बाध उपलब्धता सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए।

कांवड़ यात्रा को शांतिपूर्ण और व्यवस्थित बनाने पर जोर

जिलाधिकारी ने कहा कि कांवड़ यात्रा आस्था का महापर्व है और इसे शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराना जिला प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को पूरी संवेदनशीलता, सतर्कता और जिम्मेदारी के साथ ड्यूटी करने तथा श्रद्धालुओं के साथ सौहार्दपूर्ण व्यवहार बनाए रखने के निर्देश दिए।

फुटहिया चौराहे पर भी लिया यातायात का जायजा

मंदिर निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी फुटहिया चौराहे पर पहुंचीं, जहां उन्होंने आवागमन व्यवस्था का निरीक्षण किया और कांवड़ यात्रियों की सुगम यात्रा सुनिश्चित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान नवागत अपर जिलाधिकारी ज्ञानचन्द्र गुप्ता, सीआरओ कीर्ति प्रकाश भारती, डीपीआरओ धनश्याम सागर, एसडीएम राजेश कुमार, क्षेत्राधिकारी पुलिस सत्येन्द्र भूषण तिवारी सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *