दीपावली और छठ पर्व को लेकर मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसपी ने पटाखा दुकानों का किया निरीक्षण…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

दीपावली और छठ पर्व को लेकर बस्ती प्रशासन अलर्ट, मंडलायुक्त, डीआईजी, डीएम और एसपी ने पटाखा दुकानों का किया निरीक्षण

बस्ती 04 नवंबर 2026

आगामी दीपावली एवं छठ पर्व को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए बस्ती जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सतर्क है। इसी क्रम में बुधवार को मंडलायुक्त बस्ती वैभव श्रीवास्तव, पुलिस उप महानिरीक्षक बस्ती परिक्षेत्र संजीव त्यागी, जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने शहर क्षेत्र में पटाखा बिक्री के लिए चिन्हित एवं अनुमन्य स्थलों का संयुक्त रूप से निरीक्षण किया। इस दौरान अधिकारियों ने पटाखा दुकानों की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों और दुकानदारों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पटाखा दुकानों के लाइसेंस और स्टॉक रजिस्टर की हुई जांच

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने पटाखा एवं आतिशबाजी की दुकानों में रखे गए विस्फोटक पदार्थों के भंडारण, स्टॉक रजिस्टर, लाइसेंस और उसकी वैधता की जांच करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही लाइसेंस नवीनीकरण की स्थिति, दुकानों की निर्धारित चौहद्दी एवं नक्शे, आसपास के क्षेत्र और विद्युत विभाग के निर्धारित सुरक्षा मानकों का भी विशेष ध्यान रखने को कहा गया।

अधिकारियों ने दुकानदारों को माननीय न्यायालय, पुलिस मुख्यालय और शासन-प्रशासन की ओर से जारी दिशा-निर्देशों की जानकारी देते हुए उनका कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। विशेष रूप से दुकानों पर आग से बचाव के लिए बालू, पानी और अग्निशमन यंत्र उपलब्ध रखने, दुकानों के आसपास धूम्रपान नहीं करने तथा निर्धारित मात्रा से अधिक आतिशबाजी सामग्री का भंडारण नहीं करने की हिदायत दी गई।

सुरक्षा मानकों की अनदेखी पर होगी कार्रवाई

प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पटाखा विक्रय के लिए जारी लाइसेंस की शर्तों और निर्धारित सुरक्षा मानकों का अक्षरशः पालन करना अनिवार्य है। किसी भी प्रकार की लापरवाही से जनसुरक्षा को खतरा पहुंचने की आशंका को देखते हुए संबंधित अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए गए।

अफवाह फैलाने वालों पर रहेगी प्रशासन की नजर

निरीक्षण के दौरान प्रशासन की ओर से आम नागरिकों से सोशल मीडिया पर किसी भी प्रकार की भ्रामक, आपत्तिजनक अथवा अफवाह फैलाने वाली पोस्ट साझा नहीं करने की अपील की गई। अधिकारियों ने चेतावनी दी कि यदि कोई व्यक्ति सोशल मीडिया के माध्यम से माहौल बिगाड़ने या अफवाह फैलाने का प्रयास करता पाया गया तो उसके विरुद्ध नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासन ने जनपदवासियों से दीपावली एवं छठ पर्व को आपसी भाईचारे, सौहार्द और हर्षोल्लास के साथ मनाने की अपील की। साथ ही किसी भी संदिग्ध वस्तु या सूचना की जानकारी मिलने पर तत्काल नजदीकी पुलिस थाने अथवा डायल-112 पर सूचित करने और आतिशबाजी का प्रयोग पूरी सावधानी के साथ करने का आग्रह किया।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *