NGV PRAKASH NEWS

दिल्ली के स्कूल में 9 साल की बच्ची की अचानक मौत, स्पोर्ट्स पीरियड के बाद क्लास में हुई बेहोश
नई दिल्ली 04 नवंबर 2026
दिल्ली के मयूर विहार स्थित एक निजी स्कूल में बुधवार को दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। यहां तीसरी कक्षा में पढ़ने वाली 9 वर्षीय बच्ची की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। बताया जा रहा है कि बच्ची स्पोर्ट्स पीरियड में खेलने के बाद अपनी कक्षा में लौटी थी। इसी दौरान वह अचानक बेहोश होकर जमीन पर गिर पड़ी। शुरुआती जानकारी में मौत की वजह हार्ट अटैक बताई जा रही है।
खेलकर क्लास में पहुंचते ही अचानक गिरी बच्ची
मिली जानकारी के अनुसार, बच्ची मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल में पढ़ती थी। बुधवार सुबह स्पोर्ट्स पीरियड में खेलने के बाद वह अपनी कक्षा में पहुंची। कुछ ही देर बाद वह अचानक बेहोश होकर गिर पड़ी। बच्ची को इस हालत में देखकर शिक्षिका ने उसे उठाने का प्रयास किया, लेकिन वह होश में नहीं आई।
इसके बाद स्कूल प्रशासन की ओर से बच्ची को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
सुबह 9:52 बजे पुलिस को मिली सूचना
पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, बुधवार सुबह 9 बजकर 52 मिनट पर मयूर विहार स्थित लवली पब्लिक स्कूल से पीसीआर कॉल प्राप्त हुई थी। कॉल में तीसरी कक्षा की छात्रा के अचानक बेहोश होकर गिरने की सूचना दी गई थी।
सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरू कर दी। फिलहाल बच्ची की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है।
घटना के बाद स्कूल परिसर में शोक का माहौल है। महज 9 साल की बच्ची की अचानक मौत से परिजन और स्कूल से जुड़े लोग सदमे में हैं।
NGV PRAKASH NEWS