Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक सड़क हादसों में घायलों को देंगे निःशुल्क प्राथमिक उपचार, अस्पताल पहुंचाने में भी करेंगे सहयोग
बस्ती | 15 अगस्त 2026
ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और सड़क हादसों में घायलों को समय पर प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने की दिशा में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक वेलफेयर एसोसिएशन ने महत्वपूर्ण पहल की घोषणा की है। शनिवार को बस्ती स्थित एक निजी अस्पताल में आयोजित संगठन की बैठक में मुख्य अतिथि राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने कहा कि अब जनपद में सड़क दुर्घटना के बाद कोई भी घायल व्यक्ति असहाय अवस्था में सड़क पर पड़ा नहीं रहेगा। संगठन से जुड़े ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक दुर्घटना में घायल लोगों को निःशुल्क प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराने के साथ ही उन्हें प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र अथवा अस्पताल तक पहुंचाने में सहयोग करेंगे।
ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था मजबूत करने पर जोर
राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने कहा कि यदि सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों को विधिवत प्रशिक्षण देकर प्राथमिक उपचार के लिए मान्यता प्रदान करती है, तो ग्रामीण क्षेत्रों में आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों से जुड़े मुद्दों को संगठन वर्ष 2017 से लगातार उठाता आ रहा है।
उन्होंने बताया कि इस संबंध में स्वास्थ्य मंत्री उत्तर प्रदेश ब्रजेश पाठक, श्रम मंत्री ओमप्रकाश राजभर तथा स्वास्थ्य निदेशक उत्तर प्रदेश से मुलाकात कर ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों को प्रशिक्षण दिए जाने की मांग की जा चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि सांसद रूपा गांगुली एवं सांसद राघव चड्ढा द्वारा सदन में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों का मुद्दा उठाया जा चुका है।
डॉ. प्रेम त्रिपाठी ने कहा कि यदि सरकार ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों को प्रशिक्षण देने की दिशा में ठोस कदम नहीं उठाती है तो संगठन आने वाले समय में विशाल प्रदर्शन करने के लिए बाध्य होगा।
निःशुल्क प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देने की तैयारी
संगठन के राष्ट्रीय महासचिव डॉ. सुनील चौधरी ने कहा कि ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों को संगठन की ओर से निःशुल्क प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देने का प्रयास किया जाएगा। इसका उद्देश्य ग्रामीण स्वास्थ्य सेवकों की कार्यक्षमता और सेवा की गुणवत्ता को बढ़ाना है, ताकि दुर्घटना या अन्य आपात स्थिति में जरूरतमंद व्यक्ति को शुरुआती स्तर पर तत्काल सहायता मिल सके।
संगठन के विस्तार पर दिया गया जोर
प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अनिल कुमार रंजन ने संगठन के विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों तक संगठन की पहुंच बढ़ाई जाएगी और अधिक से अधिक स्वास्थ्य सेवकों को इससे जोड़ा जाएगा। क्षेत्रीय अध्यक्ष गोरखपुर डॉ. ध्रुव कुमार ने कार्यक्रम में मौजूद सभी लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
महिला मोर्चा प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य डॉ. रेनू बाला ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। जिला अध्यक्ष बस्ती डॉ. एन.के. चौहान ने संगठन के उद्देश्यों और आगामी कार्ययोजना पर विस्तार से चर्चा की तथा उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन बस्ती मंडल अध्यक्ष डॉ. लाल जी आजाद ने किया।
संगठन का किया गया विस्तार, पदाधिकारियों की घोषणा
बैठक के दौरान संगठन का विस्तार करते हुए राहुल मद्धेशिया को जिला अध्यक्ष, जनपद संतकबीरनगर घोषित किया गया। इसके अलावा डॉ. आर.के. गौतम, डॉ. आर.के. आजाद, डॉ. प्रेम चंद चौधरी एवं डॉ. राधेश्याम को जिला उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी दी गई।
वहीं डॉ. सत्यम विश्वास को जिला महासचिव तथा रविन्द्र कुमार को आईटी सेल प्रभारी बस्ती घोषित किया गया।
बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक रहे मौजूद
कार्यक्रम में मुख्य रूप से राजेश कुमार, अमित पाल, अजीत कुमार, डॉ. रूपा चौहान सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण स्वास्थ्य सेवक एवं आम नागरिक मौजूद रहे। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को बेहतर बनाने, प्राथमिक उपचार की उपलब्धता बढ़ाने तथा संगठन के विस्तार को लेकर विभिन्न बिंदुओं पर चर्चा की गई।
NGV PRAKASH NEWS