किसिंग कार ;55 लाख व्यूज के बाद पुलिस ने काटा 5500 का चालान…….

NGV PRAKASH NEWS

ग्वालियर में ‘किसिंग कार’ का वीडियो वायरल, 55 लाख व्यूज के बाद पुलिस ने काटा 5500 रुपये का चालान

कार की बॉडी पर बनाए गए करीब 3400 लिपस्टिक के निशान, तेज रफ्तार में चलाने पर हुई कार्रवाई

ग्वालियर। सोशल मीडिया पर रील वायरल कराने और ज्यादा से ज्यादा व्यूज पाने के चक्कर में एक युवक ने अपनी कार को ही ‘किसिंग कार’ बना दिया। कार की पूरी बॉडी पर उसकी महिला मित्र ने लिपस्टिक से करीब 3400 होठों के निशान बनाए। इसके बाद युवक ने कार का वीडियो बनाकर इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया। वीडियो देखते ही देखते वायरल हो गया और एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज पहुंच गए।

रील पर यातायात पुलिस की नजर पड़ी तो पुलिस ने वीडियो के आधार पर कार की पहचान शुरू की। कार को थाटीपुर क्षेत्र से बरामद कर यातायात थाने लाया गया। पुलिस ने मोटर व्हीकल एक्ट के विभिन्न प्रावधानों के तहत 5500 रुपये का चालान किया।

तेज रफ्तार में दौड़ती दिखाई दी कार

यातायात पुलिस के अनुसार, दो दिन पहले कार नंबर एमपी 07 सीसी 9452 का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वीडियो में कार सड़क पर तेज रफ्तार में दौड़ती दिखाई दे रही थी। कार की पूरी बॉडी पर लिपस्टिक से बने होंठों के निशान नजर आ रहे थे।

वीडियो के आधार पर पुलिस ने कार की तलाश शुरू की और थाटीपुर क्षेत्र से उसे बरामद कर लिया।

पुलिस के सामने साफ किए लिपस्टिक के निशान

यातायात पुलिस ने कार मालिक को थाने बुलाकर पूछताछ की। पूछताछ में उसने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी गलती दोबारा न करने की बात कही। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में कार की बॉडी पर लगे लिपस्टिक के निशानों को पानी से साफ किया गया।

यातायात थाना प्रभारी अभिषेक रघुवंशी ने बताया कि सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में वाहन तेज रफ्तार में दिखाई दे रहा था। वीडियो के आधार पर कार्रवाई की गई।

साढ़े तीन घंटे में बनाए गए 3400 किसिंग मार्क

कार मालिक आदित्य सिकरवार ने पुलिस को बताया कि वह इंस्टाग्राम पर रील बनाता है और उसे उम्मीद थी कि कार का वीडियो वायरल होगा। उसकी उम्मीद के मुताबिक वीडियो को एक दिन में करीब 55 लाख व्यूज मिल गए।

आदित्य के मुताबिक, कार पर लिपस्टिक के निशान उसने खुद नहीं बनाए थे। कार खड़ी होने के दौरान उसकी एक दोस्त ने पूरी बॉडी पर किस किए थे। इसके बाद उसने कार का वीडियो बनाया और इंस्टाग्राम पर अपलोड कर दिया।

उसने बताया कि कार पर करीब 3400 किसिंग मार्क बनाने में साढ़े तीन घंटे का समय लगा। उसका मकसद सोशल मीडिया पर अलग तरह की रील बनाकर उसे वायरल करना था।

यातायात पुलिस ने सोशल मीडिया पर वायरल होने के लिए सड़क पर तेज रफ्तार से वाहन चलाने और यातायात नियमों की अनदेखी करने वालों को चेतावनी दी है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *