Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

एक करोड़ से अधिक की निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा, समय से पूरा कराने के निर्देश
बस्ती, 25 अगस्त 2026। आयुक्त सभागार में मंडलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में एक करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली निर्माणाधीन परियोजनाओं की मंडलीय समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडल के विभिन्न जनपदों में संचालित परियोजनाओं की भौतिक एवं वित्तीय प्रगति की परियोजनावार समीक्षा की गई।
मंडलायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधियों से परियोजनाओं की वर्तमान स्थिति की जानकारी लेते हुए निर्देश दिया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समय-सीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण कराए जाएं। उन्होंने कहा कि धन के अभाव में किसी भी परियोजना का कार्य प्रभावित नहीं होना चाहिए। बजट की आवश्यकता होने पर शासन को समय से मांग पत्र भेजकर धनराशि की उपलब्धता सुनिश्चित कराई जाए।
उन्होंने धीमी गति से चल रही परियोजनाओं में तत्काल तेजी लाने और निर्धारित लक्ष्य के अनुरूप भौतिक प्रगति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। अधिकारियों को नियमित समीक्षा कर निर्माण कार्यों में आने वाली बाधाओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान कराने को कहा।
गुणवत्ता में कमी मिली तो होगी कार्रवाई
मंडलायुक्त ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि शासन द्वारा निर्धारित मानकों और तकनीकी विशिष्टताओं का कड़ाई से पालन किया जाए। संबंधित अधिकारी नियमित स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण की गुणवत्ता, प्रगति और उपयोग की जा रही सामग्री का सत्यापन करें। गुणवत्ता में किसी भी स्तर पर कमी पाए जाने पर तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने अधिकारियों और कार्यदायी संस्थाओं को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा भौतिक एवं वित्तीय प्रगति में तालमेल बनाए रखने के निर्देश दिए। साथ ही परियोजनाओं की प्रगति रिपोर्ट समय से उपलब्ध कराने को कहा।
बैठक का संचालन उप निदेशक अर्थ एवं संख्या पूनम ने किया। इस दौरान संयुक्त विकास आयुक्त निर्मल कुमार द्विवेदी, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, सिद्धार्थनगर के बलराम सिंह, संतकबीर नगर के जयकेश त्रिपाठी समेत संबंधित विभागों के मंडलीय अधिकारी और विभिन्न कार्यदायी संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS