Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

रक्षाबंधन पर मिलावटखोरों पर नकेल: बस्ती में खाद्य विभाग की छापेमारी, मिठाई के नमूने भर 4 को नोटिस
बस्ती 25 अगस्त 2026।
आगामी रक्षाबंधन पर्व को देखते हुए जनपद में शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य पदार्थों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग ने अभियान तेज कर दिया है। मंगलवार को खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने उपजिलाधिकारियों के साथ विभिन्न क्षेत्रों में मिठाई की दुकानों और खाद्य प्रतिष्ठानों पर प्रवर्तन कार्रवाई करते हुए खाद्य पदार्थों के नमूने संग्रहित किए।
सहायक आयुक्त खाद्य/अभिहित अधिकारी चितरंजन कुमार ने बताया कि त्योहार के दौरान मिलावटी खाद्य एवं पेय पदार्थों की बिक्री पर प्रभावी नियंत्रण के उद्देश्य से विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में मंगलवार को विभिन्न प्रतिष्ठानों से मिठाइयों के कुल चार नमूने लिए गए।
टीम ने कालाजाम, कलाकंद, छेना मिठाई और बूंदी लड्डू का एक-एक नमूना संग्रहित किया। इन नमूनों को जांच के लिए प्रयोगशाला भेजा जाएगा, जिसके बाद जांच रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
साफ-सफाई में कमी मिलने पर 4 कारोबारियों को नोटिस
छापेमारी के दौरान कुछ खाद्य प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता संबंधी मानकों में कमी पाई गई। इस पर खाद्य सुरक्षा विभाग ने चार खाद्य कारोबारियों को सुधार के लिए नोटिस जारी किया। कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में स्वच्छता बनाए रखने तथा खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।
खाद्य सुरक्षा कानून के प्रति किया जागरूक
कार्रवाई के दौरान अधिकारियों ने खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 और नियमावली, 2011 के प्रावधानों की जानकारी दी। अधिकारियों ने स्पष्ट निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को केवल शुद्ध, गुणवत्तापूर्ण और सुरक्षित खाद्य पदार्थ ही उपलब्ध कराए जाएं।
इस प्रवर्तन कार्रवाई में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजय कुमार तिवारी के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी सुभेष कुमार, अजय कुमार श्रीवास्तव, बृजेश कुमार वर्मा, नरेश कुमार तिवारी और श्रीमती अंकिता शामिल रहीं।
खाद्य सुरक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि रक्षाबंधन समेत आगामी त्योहारों को देखते हुए मिलावटी और असुरक्षित खाद्य पदार्थों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
NGV PRAKASH NEWS