अयोध्या में बम और बरसी गोलियां; युवक की हुई मौत मां घायल…….

NGV PRAKASH NEWS

अयोध्या में 8 महीने पुरानी रंजिश में युवक की गोली मारकर हत्या, मां भी घायल

बाइक से मां के साथ जा रहे युवक पर पहले बम से हमला, जमीन पर गिरते ही हमलावरों ने बरसाईं गोलियां

अयोध्या। पूराकलंदर थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम पुरानी रंजिश के चलते एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। वारदात के दौरान युवक अपनी मां के साथ बाइक से जा रहा था। इसी दौरान हमलावरों ने पहले बम से हमला किया, जिससे मां-बेटे दोनों घायल होकर जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद हमलावरों ने युवक पर कई राउंड फायरिंग कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां घायल हो गईं।

मृतक की पहचान कंदैला गांव निवासी राम लगन मौर्य (40) के रूप में हुई है। हमले में उनकी मां पार्वती देवी (60) भी घायल हुई हैं। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

आठ महीने पहले हुई मौत के बाद शुरू हुई थी रंजिश

मृतक के भाई सुधाकर मौर्य के मुताबिक, करीब आठ महीने पहले आबादी की जमीन और रास्ते को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद हुआ था। इस दौरान लाठी-डंडों से हुई मारपीट में दूसरे पक्ष के रिश्तेदार सूर्यभान सिंह की मौत हो गई थी, जबकि उनके पक्ष के तीन लोग घायल हुए थे। मामले में मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।

सुधाकर का आरोप है कि सूर्यभान सिंह की मौत के बाद से ही दोनों पक्षों के बीच पुरानी रंजिश चली आ रही थी। मंगलवार को इसी रंजिश के चलते राम लगन मौर्य को निशाना बनाया गया।

पहले बम फेंका, फिर गोलियों से किया छलनी

सुधाकर मौर्य ने आरोप लगाया कि हमले में राजसिंह के अलावा फूलचंद, राम लखन मौर्य समेत करीब 7-8 लोग शामिल थे। हमलावरों ने पहले मां-बेटे पर दो से तीन बम फेंके। बम के हमले से दोनों सड़क पर गिर गए। इसके बाद हमलावरों ने राम लगन पर करीब 7-8 राउंड फायरिंग कर दी।

गोली लगने से राम लगन मौर्य की मौत हो गई, जबकि उनकी मां पार्वती देवी घायल हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।

पुलिस घटना के पीछे पुरानी रंजिश को अहम कारण मानकर आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है। वारदात में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी पुलिस की ओर से कार्रवाई की जा रही है।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *