Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

कासगंज में त्योहारों को लेकर पुलिस अलर्ट, एसपी ने कंट्रोल रूम का किया औचक निरीक्षण
कासगंज, 26 अगस्त 2026।
आगामी त्योहारों को सकुशल, सुरक्षित एवं शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कासगंज पुलिस ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सतर्कता बढ़ा दी है। इसी क्रम में पुलिस अधीक्षक कासगंज श्री ओ.पी. सिंह ने बुधवार को पुलिस कंट्रोल रूम का आकस्मिक निरीक्षण किया और संबंधित अधिकारियों व कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान एसपी ने कंट्रोल रूम में स्थापित सीसीटीवी कैमरों के डिस्प्ले सिस्टम और मॉनिटरिंग व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मुख्य बाजारों, चौराहों, भीड़भाड़ वाले स्थानों और संवेदनशील क्षेत्रों में लगे कैमरों की लाइव फीड देखी तथा कैमरों की कार्यक्षमता और रिकॉर्डिंग की स्थिति की जांच की।
एसपी ने कंट्रोल रूम में तैनात कर्मचारियों को निर्देशित किया कि सभी सीसीटीवी कैमरों की 24×7 लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। किसी कैमरे में तकनीकी खराबी आने पर उसे तत्काल दुरुस्त कराया जाए।
उन्होंने संदिग्ध व्यक्तियों, वाहनों और गतिविधियों पर विशेष नजर रखने के साथ ही किसी भी महत्वपूर्ण सूचना के मिलने पर संबंधित थाना प्रभारी एवं वरिष्ठ अधिकारियों को तत्काल अवगत कराने और त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
पुलिस अधीक्षक ने स्पष्ट किया कि आगामी त्योहारों के दौरान कानून एवं शांति व्यवस्था बनाए रखना पुलिस की प्राथमिकता है और सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
NGV PRAKASH NEWS