60 वर्ष से अधिक उम्र की महिलाओं को निशुल्क बस यात्रा का शुभारंभ;महिलाओं को बांटी गई साड़ियां…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा का बस्ती में सजीव प्रसारण, महिलाओं को बांटी गई साड़ियां

बस्ती, 26 अगस्त 2026।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बुधवार को लखनऊ में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति यात्रा’ का शुभारंभ करते हुए विशेष बसों को फ्लैग ऑफ किया। इस दौरान उन्होंने 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं के लिए निःशुल्क बस यात्रा सुविधा का शुभारंभ किया। कार्यक्रम का सजीव प्रसारण बस्ती के जीआईसी बहुउद्देशीय हॉल में मौजूद लोगों ने देखा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रदेश सरकार की ओर से माताओं, बहनों और बेटियों को सहयात्री सहित निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा भी उपलब्ध रहेगी। उन्होंने मातृशक्ति के सम्मान, सुरक्षा और स्वावलंबन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता दोहराई।

बस्ती में आयोजित कार्यक्रम उत्तर प्रदेश गो सेवा आयोग के उपाध्यक्ष महेश शुक्ला की अध्यक्षता में हुआ। उन्होंने कहा कि लोकमाता अहिल्याबाई का जीवन सेवा, सुशासन और जनकल्याण का प्रेरणादायी उदाहरण है। उन्होंने महिलाओं की गरिमा और सम्मान को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। उनके आदर्शों से प्रेरणा लेते हुए प्रदेश सरकार महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा और आत्मनिर्भरता के लिए लगातार कार्य कर रही है।

महेश शुक्ला ने कहा कि मातृशक्ति परिवार की आधारशिला होने के साथ ही समाज और राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। सरकार महिलाओं को शिक्षा, सुरक्षा, रोजगार, स्वास्थ्य और परिवहन सहित विभिन्न क्षेत्रों में सुविधाएं उपलब्ध करा रही है। उन्होंने कहा कि निःशुल्क बस यात्रा की सुविधा से 60 वर्ष एवं उससे अधिक आयु की महिलाओं को आवागमन में सहूलियत मिलेगी। वे अपने परिजनों से मिलने के साथ धार्मिक और सामाजिक स्थलों की यात्रा भी आसानी से कर सकेंगी।

उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार की योजनाओं का उद्देश्य समाज के प्रत्येक वर्ग तक विकास और जनकल्याण की सुविधाएं पहुंचाना है। महिलाओं के सम्मान और उनके जीवन को सुगम बनाने के लिए सरकार लगातार नए कदम उठा रही है। इस अवसर पर महेश शुक्ला और उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने महिलाओं को रक्षाबंधन के उपहार स्वरूप साड़ियां भी भेंट कीं।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना, मुख्य विकास अधिकारी सार्थक अग्रवाल, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चन्द्र गुप्ता, मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, जिला विकास अधिकारी सुशील कुमार श्रीवास्तव, उपजिलाधिकारी शत्रुध्न पाठक, पूर्व विधायक दयाराम चौधरी, जिलाध्यक्ष महिला मोर्चा रोली सिंह, सुमन सिंह सहित संबंधित अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में महिलाएं मौजूद रहीं।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *