रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर एसपी कासगंज नें रेलवे स्टेशन सहित बाजारों का भ्रमण कर दिया यह निर्देश…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

रक्षाबंधन की पूर्व संध्या पर कासगंज में पुलिस अलर्ट, एसपी ने किया पैदल भ्रमण

कासगंज | 27 अगस्त 2026

रक्षाबंधन पर्व को सकुशल, सुरक्षित और शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए कासगंज पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। पर्व की पूर्व संध्या पर पुलिस अधीक्षक ओ.पी. सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार एवं पुलिस बल के साथ कासगंज शहर के प्रमुख बाजारों और संवेदनशील क्षेत्रों में पैदल भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया।

पुलिस अधीक्षक ने मुख्य बाजार, सोरों गेट, गांधी मूर्ति, बिलराम गेट, नदरई गेट, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन समेत भीड़भाड़ वाले स्थानों तथा मिश्रित आबादी वाले संवेदनशील क्षेत्रों में भ्रमण किया। इस दौरान उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण करते हुए अधीनस्थ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

महिलाओं और बालिकाओं की सुरक्षा पर विशेष जोर

रक्षाबंधन के दौरान बाजारों में महिलाओं और बालिकाओं की बढ़ने वाली भीड़ को देखते हुए प्रमुख बाजारों एवं चौराहों पर पर्याप्त महिला पुलिस बल की तैनाती के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही सादी वर्दी में एंटी रोमियो टीम को भी सक्रिय रहने को कहा गया है।

एसपी ने छेड़खानी, चोरी, लूट और चेन स्नैचिंग जैसी घटनाओं की रोकथाम के लिए भीड़भाड़ वाले स्थानों, मॉल, होटल, ढाबों, धर्मशालाओं, बस स्टैंड और रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध व्यक्तियों, वस्तुओं एवं वाहनों की शालीनतापूर्वक गहन जांच करने के निर्देश दिए।

यातायात और सोशल मीडिया पर भी निगरानी

त्योहार के दौरान यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए प्रमुख चौराहों पर अतिरिक्त ट्रैफिक पुलिस की ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए, ताकि भीड़ के कारण जाम की स्थिति न बने।

इसके अलावा सोशल मीडिया सेल को अफवाहों पर लगातार नजर रखने तथा कंट्रोल रूम के माध्यम से सीसीटीवी और ड्रोन कैमरों से सतत निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक ने सभी पुलिसकर्मियों को लगातार भ्रमणशील रहने और किसी भी सूचना पर तत्काल मौके पर पहुंचकर प्रभावी वैधानिक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने आमजन से अपील की कि रक्षाबंधन का पर्व आपसी भाईचारे और सौहार्द के साथ मनाएं तथा किसी भी संदिग्ध गतिविधि या घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दें।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *