NGV PRAKASH NEWS

शामली में पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश ढेर, अंकित बालियान हत्याकांड में थे वांछित
शामली | 31 अगस्त 2026
शामली में सोमवार तड़के पुलिस और बदमाशों के बीच हुई मुठभेड़ में दो बदमाश मारे गए। दोनों बदमाश अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल बताए जा रहे हैं और उन पर 50-50 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
एसपी एनपी सिंह के मुताबिक, सुबह करीब चार बजे पुलिस को सूचना मिली कि अंकित बालियान हत्याकांड में शामिल दो शूटर शामली की ओर आ रहे हैं। सूचना मिलते ही जिले के सभी संबंधित थानों की पुलिस को अलर्ट कर मौके पर बुलाया गया।
पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की तो वे पुलिस को चकमा देते हुए मन्ना माजरा की तरफ भाग निकले। इस दौरान होटल राजमहल के पास बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में पुलिस की एक गाड़ी में गोली लगी, जबकि दो पुलिसकर्मी भी गोली लगने से घायल हो गए।
जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने फायरिंग की, जिसमें दोनों बदमाश गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस टीम ने घायल पुलिसकर्मियों और दोनों बदमाशों को अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने दोनों बदमाशों को मृत घोषित कर दिया।
मृत बदमाशों की पहचान सुमित पुत्र धर्मपाल और मोहित के रूप में हुई है। दोनों राझड़ा, सोनीपत, हरियाणा के निवासी बताए गए हैं।
मुठभेड़ की सूचना के बाद एसपी एनपी सिंह समेत वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से मिले साक्ष्यों और हथियारों की जांच शुरू कर दी है। अंकित बालियान हत्याकांड से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है।
NGV PRAKASH NEWS