NGV PRAKASH NEWS

दिल्ली में चलती बस में नाबालिग छात्रा से सामूहिक दुष्कर्म, ड्राइवर और कंडक्टर गिरफ्तार
नई दिल्ली 31 अगस्त 2026
: देश की राजधानी में चलती बस के भीतर 16 वर्षीय 11वीं की छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी छात्रा को कश्मीरी गेट के पास रिंग रोड पर फेंककर फरार हो गए थे। कश्मीरी गेट थाना पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए दोनों आरोपियों—बस चालक और कंडक्टर—को तिमारपुर इलाके से गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही वारदात में प्रयुक्त स्लीपर बस को भी जब्त कर लिया गया है।
मदद के बहाने बस में बैठाया पीड़िता मूल रूप से उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले की रहने वाली है। परिजनों की डांट से नाराज होकर वह बिना बताए नोएडा के लिए निकली थी। भारी बारिश और अंधेरा होने के चलते वह रास्ता भटक गई और ग्रेटर नोएडा के परी चौक पर उतर गई। वहां से नोएडा सेक्टर-63 जाने के लिए छात्रा ने एक निजी स्लीपर बस को रुकवाया। बस कंडक्टर ने उसे सेक्टर-63 छोड़ने का झांसा देकर अंदर बैठा लिया।
खाली बस में दरिंदगी, फिर दी जान से मारने की धमकी बस में सवार होने के बाद छात्रा को पता चला कि उसमें कोई अन्य यात्री मौजूद नहीं था। बस आगे बढ़ते ही कंडक्टर ने छात्रा के साथ बदसलूकी शुरू कर दी। इसके बाद चालक और कंडक्टर दोनों ने चलती बस में छात्रा के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। विरोध करने पर छात्रा के साथ मारपीट की गई और घटना के बारे में किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी गई। दरिंदगी के बाद आरोपियों ने छात्रा को देर रात कश्मीरी गेट बस अड्डे के पास रिंग रोड पर उतार दिया और बस लेकर मौके से भाग निकले।
सीसीटीवी की मदद से तिमारपुर से पकड़े गए आरोपी घटना के बाद बदहवास हालत में छात्रा कश्मीरी गेट थाने पहुंची और आपबीती बताई। पुलिस ने तुरंत पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराया और सामूहिक दुष्कर्म, अपहरण व पॉक्सो एक्ट सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की। कोतवाली एसीपी शंकर बनर्जी के नेतृत्व में गठित पुलिस टीम ने रूट के दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के आधार पर पुलिस ने तिमारपुर पार्किंग में दबिश देकर आरोपी चालक कुलदीप और कंडक्टर संदीप को धर दबोचा। पुलिस दोनों आरोपियों से आगे की पूछताछ कर रही है।
NGV PRAKASH NEWS