NGV PRAKASH NEWS

प्रयागराज में पटाखा फैक्ट्री में भीषण विस्फोट, 5 की मौत और 22 घायल होने की सूचना
प्रयागराज | 31 अगस्त 2026
प्रयागराज के पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी में सोमवार दोपहर एक पटाखा फैक्ट्री में अचानक आग लगने के बाद लगातार जोरदार धमाके होने लगे। विस्फोट इतने शक्तिशाली थे कि आसपास के कई मकान भी क्षतिग्रस्त होकर जमींदोज हो गए। हादसे में पांच लोगों की मौत और 22 लोगों के घायल होने की सूचना है। हालांकि आग पूरी तरह बुझने और मलबा हटाए जाने के बाद ही नुकसान की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बताया जा रहा है कि मनौरी गांव में बस्ती से कुछ दूर एक मकान में पटाखे बनाए जाते थे। यह फैक्ट्री मनौरी निवासी आदिल की बताई जा रही है। सोमवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक मकान से धुआं उठने लगा। ग्रामीण जब मौके की ओर दौड़े, तभी पटाखों में एक के बाद एक धमाके शुरू हो गए।
करीब एक घंटे तक धमाकों की आवाज से पूरा इलाका दहल उठा। आसपास के ग्रामीणों में भगदड़ और अफरा-तफरी मच गई। धमाकों की तीव्रता इतनी अधिक थी कि आसपास के कई घर भी इसकी चपेट में आ गए।
हादसे के दौरान पास स्थित बूंदी कारखाने में पांच और आटा चक्की में छह लोगों के मौजूद होने की बात सामने आ रही है। आशंका है कि मलबे में कुछ लोग दबे हो सकते हैं। सूचना मिलते ही पूरामुफ्ती और पिपरी थाने की पुलिस के साथ फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया।
घायलों को उपचार के लिए प्रयागराज के एसआरएन अस्पताल भेजे जाने की सूचना है। वहीं, मलबे को हटाने के लिए बुलडोजर भी मौके पर लगाया गया है।
घटना की जानकारी मिलने के बाद कौशांबी के डीएम और एसपी भी मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। फिलहाल राहत और बचाव कार्य जारी है। आग पूरी तरह बुझने तथा मलबा हटाए जाने के बाद ही हादसे में हुए वास्तविक जान-माल के नुकसान का पता चल सकेगा।
NGV PRAKASH NEWS