मण्डल में 5,036 करोड़ के निवेश प्रस्ताव से 10,825 लोगों को मिला रोजगार: मण्डलायुक्त…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

मण्डल में 5,036 करोड़ के निवेश प्रस्ताव, 10,825 लोगों को मिला रोजगार: मण्डलायुक्त

बस्ती | 31 अगस्त 2026

मण्डलायुक्त वैभव श्रीवास्तव की अध्यक्षता में सोमवार को आयुक्त सभागार में मण्डलीय उद्योग बन्धु समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में मण्डल में औद्योगिक निवेश, उद्यमियों की समस्याओं, स्वरोजगार योजनाओं और निवेश प्रस्तावों की प्रगति की समीक्षा की गई।

मण्डलायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य ग्लोबल इन्वेस्टर्स समिट योजना के तहत मण्डल स्तर पर बड़े पैमाने पर औद्योगिक इकाइयों की स्थापना कराकर निवेश को बढ़ावा देना और अधिक से अधिक लोगों को रोजगार उपलब्ध कराना है। उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिया कि उद्यमियों की इकाइयों की स्थापना, निवेश और स्वरोजगार में आ रही समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित समाधान कराया जाए।

353 निवेशकों ने किया 5,036 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव

संयुक्त आयुक्त उद्योग बस्ती मण्डल गौरव मिश्र ने बैठक में बताया कि जनपद बस्ती में 183 इकाइयों द्वारा 2,206.20 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश तथा 7,138 लोगों को रोजगार देने का प्रस्ताव है। इसी प्रकार सिद्धार्थनगर में 72 इकाइयों के माध्यम से 2,266 करोड़ रुपये के निवेश और 5,812 लोगों को रोजगार प्रस्तावित है।

संतकबीरनगर में 98 इकाइयों द्वारा 564.38 करोड़ रुपये का पूंजी निवेश प्रस्तावित है, जिससे 2,949 लोगों को रोजगार मिलने की संभावना है। इस प्रकार पूरे बस्ती मण्डल में 353 निवेशकों द्वारा कुल 5,036.58 करोड़ रुपये के पूंजी निवेश का प्रस्ताव है, जिसके माध्यम से 15,899 लोगों को रोजगार प्रस्तावित किया गया है।

उन्होंने बताया कि इन प्रस्तावों के सापेक्ष मण्डल में 310 निवेशकों के 2,787.28 करोड़ रुपये के निवेश प्रस्ताव धरातल पर उतर चुके हैं। इसके परिणामस्वरूप 10,825 लोगों को रोजगार प्राप्त हुआ है।

लंबित मामलों का एक सप्ताह में निस्तारण के निर्देश

बैठक में मुख्यमंत्री स्वरोजगार योजना, मुख्यमंत्री युवा उद्यमी विकास अभियान, एक जनपद एक उत्पाद (ओडीओपी) वित्त पोषण योजना तथा निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित मामलों की भी गहन समीक्षा की गई।

मण्डलायुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिया कि ऋण से संबंधित पत्रावलियों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब स्वीकार नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि जिन योजनाओं की प्रगति धीमी है, संबंधित अधिकारी बैठक कर एक सप्ताह के भीतर अपेक्षित प्रगति सुनिश्चित करें।

औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था से संबंधित कोई प्रकरण बैठक में प्रस्तुत नहीं हुआ।

विद्युत और कूड़ा निस्तारण की समस्याएं उठीं

बैठक के दौरान उद्यमियों ने विद्युत आपूर्ति, कूड़ा निस्तारण तथा औद्योगिक क्षेत्र खलीलाबाद में पुलिस चौकी नहीं होने सहित विभिन्न समस्याओं को मण्डलायुक्त के समक्ष रखा। मण्डलायुक्त ने समस्याओं का संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई और समाधान के निर्देश दिए।

बैठक में अपर आयुक्त प्रशासन मनोज कुमार तिवारी, उपायुक्त उद्योग बस्ती राजेश रोमन, संतकबीरनगर विनोद वर्मा, सहायक आयुक्त उद्योग सिद्धार्थनगर मनीष कुमार, एसई विद्युत बस्ती मो. खालिद, चेम्बर्स ऑफ कॉमर्स के अध्यक्ष अशोक सिंह, महासचिव एच.सी. शुक्ल, अध्यक्ष उत्तर प्रदेश इंडस्ट्री एसोसिएशन अरविन्द पाठक, हेमन्त तिवारी सहित विभागीय अधिकारी और उद्यमी मौजूद रहे।

NGV PRAKASH NEWS

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *