पुलिस अधीक्षक ने रिक्रूट आरक्षियों से वार्ता कर उनकी समस्याओं का किया समाधान…….

Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

रिक्रूट आरक्षियों से एसपी ने किया सीधा संवाद, समस्याएं सुनीं और दिए समाधान के निर्देश

कासगंज | 31 अगस्त 2026

पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश के निर्देशों के क्रम में सोमवार को पुलिस लाइन स्थित नवनिर्मित ऑडिटोरियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे रिक्रूट आरक्षियों के साथ सैनिक सम्मेलन एवं संवाद गोष्ठी आयोजित की गई। पुलिस अधीक्षक कासगंज ओपी सिंह ने अपर पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार के साथ सम्मेलन में शामिल होकर नए आरक्षियों से सीधे संवाद किया और उनकी समस्याओं व सुझावों की जानकारी ली।

संवाद के दौरान पुलिस अधीक्षक ने रिक्रूट आरक्षियों से वन-टू-वन बातचीत करते हुए प्रशिक्षण अवधि में उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं की जानकारी ली। उन्होंने बैरक में आवासीय व्यवस्था, मैस में भोजन की गुणवत्ता, शुद्ध पेयजल, साफ-सफाई, चिकित्सा सुविधाओं तथा इनडोर और आउटडोर प्रशिक्षण के संबंध में विस्तार से जानकारी प्राप्त की।

एसपी ने मौके पर मौजूद पुलिस लाइन के अधिकारियों को निर्देश दिया कि प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे जवानों के रहन-सहन और खान-पान की व्यवस्था में किसी भी प्रकार की कमी नहीं होनी चाहिए। आरक्षियों द्वारा बताई गई प्रशासनिक अथवा व्यक्तिगत समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।

अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा पर दिया जोर

पुलिस अधीक्षक ने रिक्रूट आरक्षियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा ही एक कुशल एवं सम्मानित पुलिसकर्मी की सबसे बड़ी पहचान है। प्रशिक्षण की अवधि उनके भविष्य की नींव है, इसलिए सभी जवान पूरी लगन, मेहनत और ईमानदारी के साथ प्रशिक्षण प्राप्त करें।

उन्होंने कहा कि पुलिस सेवा के दौरान आमजन से व्यवहार में विनम्रता, संवेदनशीलता और मदद की भावना बनाए रखना बेहद जरूरी है। पुलिसकर्मी का व्यवहार ही पुलिस विभाग के प्रति जनता की धारणा को प्रभावित करता है, इसलिए प्रत्येक जवान अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूरी जिम्मेदारी के साथ करे।

सम्मेलन में क्षेत्राधिकारी लाइन दुर्वेश कुमार मिश्र, प्रतिसार निरीक्षक पुलिस लाइन सुभाष सिंह सहित प्रशिक्षण शाखा के अन्य अधिकारी और प्रशिक्षक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *