Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

राजस्व कार्यों की समीक्षा में डीएम ने दिए लंबित मामलों के समयबद्ध निस्तारण के निर्देश
बस्ती, 2 सितंबर 2026।
जिलाधिकारी कृत्तिका ज्योत्स्ना की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में राजस्व कार्यों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी ने जनपद में संचालित विभिन्न राजस्व संबंधी कार्यों की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की और संबंधित अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप जनसामान्य से जुड़े राजस्व मामलों का निस्तारण पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया जाना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि आम लोगों की समस्याओं और शिकायतों के निस्तारण में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए तथा पात्र लोगों को समय से राजस्व सेवाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
बैठक के दौरान तहसील स्तर पर लंबित विभिन्न मामलों की समीक्षा की गई। इसमें राजस्व न्यायालयों में लंबित वाद, नामांतरण, वरासत, पैमाइश, आय, जाति एवं निवास प्रमाण पत्र सहित अन्य राजस्व प्रकरणों की प्रगति की जानकारी ली गई।
जिलाधिकारी ने राजस्व न्यायालयों में लंबित मामलों का नियमित अनुश्रवण करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि पुराने और लंबित प्रकरणों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित कराया जाए। अनावश्यक रूप से किसी भी प्रकरण को लंबित न रखा जाए और फरियादियों को समय से न्याय दिलाने के लिए प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने तहसील स्तर के अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में राजस्व कार्यों की नियमित समीक्षा करने तथा शासन द्वारा निर्धारित समयसीमा के भीतर मामलों का निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि राजस्व से जुड़े मामलों में पारदर्शिता बनाए रखने के साथ ही शिकायतकर्ताओं के प्रति संवेदनशील व्यवहार किया जाए।
बैठक में मुख्य राजस्व अधिकारी कीर्ति प्रकाश भारती, अपर जिलाधिकारी ज्ञान चंद्र गुप्ता, समस्त उप जिलाधिकारी, तहसीलदार, नायब तहसीलदार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।
NGV PRAKASH NEWS