Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

करोड़ों रुपये के गबन के मामले में दो वांछित गिरफ्तार, CSP के जरिए ग्राहकों की रकम हड़पने का आरोप
बस्ती, 2 सितंबर 2026।
पैकोलिया पुलिस ने करोड़ों रुपये के गबन के मामले में वांछित चल रहे दो आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय भेज दिया। पुलिस के अनुसार, दोनों पर षड्यंत्र के तहत ग्राहकों की जमा धनराशि उनके खातों में जमा करने के बजाय निजी खातों में ट्रांसफर कर उसका इस्तेमाल करने का आरोप है।
प्रभारी निरीक्षक पैकोलिया मोती चंद के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मु0अ0सं0 52/2026, धारा 319(2), 316(5), 338, 336(3), 340(1), 61(2) BNS से संबंधित वांछित अभियुक्त चन्दन विक्रम पुत्र जवाहरलाल (24), निवासी औरातोन्दा, थाना पैकोलिया तथा रिशा वर्मा पुत्री रामनरायण (28), निवासी चौबेपुर, थाना हर्रैया को गिरफ्तार किया।
फर्जी रसीद देकर ग्राहकों की रकम हड़पने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 21 अप्रैल 2026 को 32 लोगों के हस्ताक्षरयुक्त संयुक्त तहरीर के आधार पर जवाहरलाल समेत अन्य के खिलाफ पैकोलिया थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया था। विवेचना के दौरान सामने आया कि CSP पर कार्य करने वाली रिशा वर्मा और चन्दन विक्रम ने कथित तौर पर षड्यंत्र के तहत गरीब ग्राहकों से प्राप्त धनराशि उनके खातों में जमा करने के बजाय अपने तथा चन्दन विक्रम के खातों में जमा की।
आरोप है कि ग्राहकों को फर्जी रसीदें दी जाती थीं, जबकि जवाहरलाल द्वारा चेक को FD बताकर दिए जाने की बात भी जांच में सामने आई।
पुलिस की जांच में पिछले तीन वर्षों के दौरान रिशा वर्मा के केशवपुर बैंक खाते में 97 लाख रुपये, PNB खाते में 22.10 लाख रुपये और फंड ट्रांसफर के जरिए 11.93 लाख रुपये ग्राहकों की रकम जमा किए जाने की बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार, इन धनराशियों का इस्तेमाल निजी उपभोग में किए जाने का मामला भी जांच में पाया गया है।
इसके अलावा ग्राहकों के बैंक स्टेटमेंट की जांच में दिवाकर के खाते में कुल 9.07 लाख रुपये जाना भी पाया गया है। मामले में पुलिस की अग्रिम विधिक कार्रवाई जारी है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में प्रभारी निरीक्षक मोती चन्द, उपनिरीक्षक सैयद वसी हैदर जैदी, हेड कांस्टेबल धर्मेन्द्र यादव, कांस्टेबल सूरज सिंह और महिला कांस्टेबल शिवानी कुमारी शामिल रहे।
NGV PRAKASH NEWS