Gyan Prakash Dubey NGV PRAKASH NEWS

तड़के नगर बाजार पहुंचे CRO कीर्ति प्रकाश भारती और SDM राजेश यादव, नाला-नाली से लेकर वाटर कूलर तक परखी व्यवस्था
नगर बाजार, 3 सितंबर 2026।
नगर पंचायत नगर बाजार में सफाई व्यवस्था और विकास कार्यों की जमीनी हकीकत परखने के लिए मुख्य राजस्व अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी नगरीय निकाय कीर्ति प्रकाश भारती ने उप जिलाधिकारी राजेश कुमार यादव के साथ बुधवार तड़के सघन औचक निरीक्षण किया। सुबह करीब छह बजे अधिकारियों के अचानक फील्ड में पहुंचने से नगर पंचायत के कर्मचारियों और जिम्मेदारों में हड़कंप मच गया।
निरीक्षण की शुरुआत वार्ड संख्या-3 संत रविदास नगर से हुई। अधिकारियों ने सार्वजनिक एवं सामुदायिक शौचालय, रैन बसेरा और मंदिर मार्ग की साफ-सफाई का जायजा लिया। इसके साथ ही डोर-टू-डोर कूड़ा कलेक्शन तथा घरों से निकलने वाले कचरे के पृथक्कीकरण की व्यवस्था भी परखी गई। अधिकारियों ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर सफाई व्यवस्था के संबंध में सीधे फीडबैक लिया।
इसके बाद टीम एमआरएफ सेंटर पहुंची, जहां कचरे की छंटाई और उसके निस्तारण की व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। अधिकारियों ने मौके पर व्यवस्थाओं की स्थिति देखी और आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।
वार्ड संख्या-9 के मुख्य बाजार में अधिकारियों ने बड़े नालों की तली झाड़ सफाई का जायजा लिया। वहीं आम लोगों के लिए लगाए गए वाटर कूलरों को स्वयं चलाकर देखा गया और पेयजल की उपलब्धता एवं व्यवस्था की जांच की गई। निरीक्षण के दौरान नगर में जलभराव वाले संवेदनशील स्थलों को भी चिन्हित किया गया।
अधिकारियों ने विभिन्न स्थानों पर चल रहे नाला निर्माण कार्यों का भौतिक सत्यापन भी किया। मौके पर मौजूद संबंधित ठेकेदार और कर्मचारियों को निर्माण कार्य में गुणवत्ता से किसी भी तरह का समझौता न करने तथा निर्धारित समयसीमा में काम पूरा करने के सख्त निर्देश दिए गए।
सुबह की सफाई में लापरवाही पर सख्त चेतावनी
निरीक्षण के अंत में मुख्य राजस्व अधिकारी एवं प्रभारी अधिकारी नगरीय निकाय कीर्ति प्रकाश भारती ने अधिशासी अधिकारी और सफाई नायकों को स्पष्ट निर्देश दिया कि प्रातःकालीन सफाई व्यवस्था में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सफाई व्यवस्था को नियमित और प्रभावी बनाए रखने के साथ ही नगर की मूलभूत सुविधाओं पर लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए।
CRO और SDM के इस संयुक्त औचक निरीक्षण को नगर पंचायत की व्यवस्थाओं में सुधार की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। अधिकारियों के सीधे मौके पर पहुंचकर व्यवस्थाओं की जांच करने से कर्मचारियों और ठेकेदारों में जवाबदेही बढ़ने की उम्मीद है। वहीं नगरवासियों को भी उम्मीद है कि जलभराव, नालियों की सफाई और पेयजल जैसी समस्याओं का जल्द समाधान होगा।
NGV PRAKASH NEWS